समर सीजन में बड़ी राहत: मुंबई से गोरखपुर -बनारस के लिए स्पेशल ट्रेनें,भोपाल को सीधा फायदा

गर्मी के सीजन में रेलवे ने मुंबई से गोरखपुर और बनारस के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। भोपाल मंडल के स्टेशनों पर ठहराव से यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और भीड़ के बीच कन्फर्म टिकट मिलने में राहत होगी।

समर सीजन में बड़ी राहत: मुंबई से गोरखपुर -बनारस के लिए स्पेशल ट्रेनें,भोपाल को सीधा फायदा

भोपाल:गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ी राहत देते हुए मुंबई से गोरखपुर और बनारस के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू करने का फैसला लिया है। इन ट्रेनों का ठहराव भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों-इटारसी, भोपाल, रानी कमलापति और बीना पर रहेगा, जिससे मध्यप्रदेश के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा।

CSMT-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन रोजाना

रेलवे के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से गोरखपुर के बीच प्रतिदिन स्पेशल ट्रेन 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलाई जाएगी। मुंबई से रात 10:30 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:05 बजे इटारसी, 3:55 बजे भोपाल और 6:15 बजे बीना पहुंचेगी।तीसरे दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।वापसी में गोरखपुर से यह ट्रेन दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह बीना, भोपाल और इटारसी होते हुए तीसरे दिन तड़के मुंबई पहुंचेगी।

एलटीटी-बनारस के बीच द्वि-साप्ताहिक सेवा

इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से बनारस के बीच द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी,यह ट्रेन अप्रैल में तय तारीखों पर सप्ताह में दो दिन (बुध-गुरु / शुक्र-शनि) चलेगी। मुंबई से दोपहर 12:15 बजे चलकर रात 11:45 बजे इटारसी, फिर रानी कमलापति और बीना होते हुए रात 11:30 बजे बनारस पहुंचेगी।वापसी में बनारस से सुबह 5:30 बजे चलकर अगले दिन इटारसी, रानी कमलापति होते हुए शाम 4:40 बजे मुंबई पहुंचेगी।

22 कोच, कई बड़े स्टेशनों पर ठहराव

दोनों ट्रेनों में 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं। साथ ही दादर, ठाणे, नासिक, भुसावल, झांसी, कानपुर, लखनऊ और प्रयागराज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है। इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से लंबी दूरी की यात्रा में भीड़ कम होने के साथ यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।यात्री ट्रेनों के समय, रूट और बुकिंग से जुड़ी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या हेल्पलाइन 139 के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।