बड़वानी में नेशनल हाईवे धंसा, 3 मीटर गहरा गड्ढा, बड़ा हादसा टला

मध्य प्रदेश के बड़वानी में एमपी-गुजरात को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर सड़क धंस गई, 3 मीटर गहरा गड्ढा बना, बड़ा हादसा टल गया।

बड़वानी में नेशनल हाईवे धंसा, 3 मीटर गहरा गड्ढा, बड़ा हादसा टला
GOOGLE

मध्य प्रदेश के बड़वानी में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मध्य प्रदेश और गुजरात को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे पर अचानक सड़क धंस गई। सड़क पर करीब 3 मीटर गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि उस समय वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था।

यह घटना बड़वानी मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर छोटी कसरावद गांव के पास हुई। यहां नर्मदा नदी पर बने लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे पुल से पहले सड़क धंसी है। यह सड़क खंडवा-वडोदरा नेशनल हाईवे 347बी का हिस्सा है, जिससे रोजाना करीब 10 हजार वाहन गुजरते हैं।

पाइपलाइन फूटने से धंसी सड़क

मौके पर मौजूद निखिल नाम के राहगीर ने बताया कि जहां सड़क धंसी है, वहीं एक पाइपलाइन भी फूटी हुई थी। पाइपलाइन से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था और सड़क का हिस्सा काफी गीला था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से सड़क धंस गई।

राहगीरों ने खुद संभाला मोर्चा

हादसे की आशंका को देखते हुए राहगीरों ने गड्ढे के आसपास पत्थर और बैरिकेड्स लगा दिए, ताकि कोई वाहन या व्यक्ति हादसे का शिकार न हो।

अब तक नहीं पहुंचे अधिकारी

खबर लिखे जाने तक मौके पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचा था। स्थानीय राहगीर विजय ने चिंता जताते हुए कहा कि यह सड़क दिनभर काफी व्यस्त रहती है। दिन में तो वाहन चालक सावधानी से निकल जाते हैं, लेकिन रात में यहां पूरी तरह अंधेरा रहता है। पुल पर स्ट्रीट लाइट भी नहीं जलती, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।