इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, फेक करेंसी केस में एक और फरार आरोपी गिरफ्तार

नकली नोटों के प्रकरण में इंदौर क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकली नोट और प्रिंटिंग से जुड़ा सामान जब्त किया है।

इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, फेक करेंसी केस में एक और फरार आरोपी गिरफ्तार
Indore Crime Branch

इंदौर। शहर में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर क्राइम ब्रांच द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में नकली नोटों के केस में क्राइम ब्रांच को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से नकली नोट और प्रिंटिंग से जुड़ा सामान जब्त किया है।

नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़ा आरोपी पकड़ाया

क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नकली नोटों के नेटवर्क से जुड़ा एक आरोपी बाणगंगा क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश देकर आरोपी अंकित बुरासी को गिरफ्तार किया।

आरोपी के पास से लगभग 500 रुपये के 45 नकली नोट, जिनकी कुल कीमत 22,500 रुपये है, बरामद किए गए। इसके साथ ही नकली नोट छापने में प्रयुक्त एक प्रिंटर और अन्य प्रिंटिंग सामग्री भी जब्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

4 आरोपियों को नकली नोटों के साथ किया था गिरफ्तार 

इस केस में क्राइम ब्रांच की टीम ने पहले ही गुटकेश्वर महादेव मंदिर के पास, सदर बाजार रोड से चार आरोपियों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों में ऋषिकेश तोंडे, वंश केथवास, रितेश नागर और अकुंश यादव थे, सभी निवासी इंदौर शामिल हैं। अब तक इस पूरे मामले में बरामद नकली नोटों की कुल राशि लगभग 2 लाख रुपये के आसपास पहुंच चुकी है, जो अलग-अलग सीरीज़ में तैयार की गई थी।

इंस्टाग्राम पर रील देखकर दिया अपराध को अंजाम

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर रील देखकर कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में इस अपराध को अंजाम दिया। आरोपी सस्ते दामों पर नकली नोट खरीदकर उन्हें शहर में खपाने की योजना बना रहे थे। आरोपी अंकित के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

इस मामले में थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 0213/2025, धारा 179 और 180 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। क्राइम ब्रांच का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।