Ujjain: 25 लाख से ज्यादा दीपों का होगा दीपोत्सव, अधिकारियों ने घाटों की व्यवस्थाएं देखीं

देर रात घाटों पर पहुंचे जनसंपर्क आयुक्त Manish Singh, ‘आशीर्वाद का दीया’ की तैयारियां परखीं

Ujjain: 25 लाख से ज्यादा दीपों का होगा दीपोत्सव, अधिकारियों ने घाटों की व्यवस्थाएं देखीं

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह ने बुधवार देर रात दत्त अखाड़ा घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर कलेक्टर एवं महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक सहित स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन से कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। बता दें, 17 सितंबर को क्षिप्रा घाटों पर 25 लाख से अधिक दीपों से भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियों को लेकर प्रशासन जुटा हुआ है।

उज्जैन में जलेंगे 35 लाख दीपक, जगमगाएगा शिप्रा तट

पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे मध्य प्रदेश में आज दीपोत्सव मनाया जाएगा। उज्जैन में शिप्रा नदी के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट समेत प्रमुख घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दिए जलेंगे। वहीं, जिले में हितग्राहियों के घर और विभिन्न सरकारी इकाईयों पर 10 लाख दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे।

शाम 7 बजे रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्जवलित कर दीपोत्सव की शुरुआत होगी, इसके बाद मां शिप्रा की आरती की जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस दौरान मौजूद रहेंगे।

दीपोत्सव में देश के अलग-अलग हिस्सों से 500 से अधिक कलाकार शामिल होंगे। कार्यक्रम में बाबा महाकाल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गायन, वादन, नृत्य और युवाओं के लिए भजन जैमिंग होगा। शैलेश लोढ़ा प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर आधारित नरेशन प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी के साथ होगा। कार्तिक मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशाल पोर्ट्रेट भी बनाया गया है, जिस पर जनभागीदारी से दीप रखे जाएंगे।

3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, 26000 वालंटियर जलाएंगे दीप

दीपोत्सव के साथ उज्जैन में 17 और 18 सितंबर को VVIP कार्यक्रम भी होंगे। VIP मूवमेंट और दीपोत्सव की सुरक्षा के लिए 3 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें करीब 2 हजार अतिरिक्त जवान पुलिस मुख्यालय से बुलाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था के लिए करीब 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

वहीं, दीपोत्सव के लिए करीब 26 हजार वॉलंटियर्स को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इन्हें पहले से ब्लॉक और दीपों की संख्या के हिसाब से तैनात किया जाएगा। केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक और रामघाट के दो सेक्टर सहित शिप्रा तट के विभिन्न हिस्सों में एक साथ दीप प्रज्वलित होंगे।

भोपाल में आज 2.50 लाख दीप लगेंगे, हर वार्ड में कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज शाम को राजधानी भोपाल में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम होगा। इसमें शहरी 17 और ग्रामीण 11 स्थानों पर सामूहिक रूप से करीब 2.5 लाख दीये जलाए जाएंगे।

शहर के ऐतिहासिक स्मारकों, प्रमुख चौराहों, घाटों, मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों से लेकर गांवों के देवस्थलों, तालाबों सहित सामुदायिक परिसरों तक जलने वाले ये दीप सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण के संकल्प का संदेश देंगे।