SGMH रीवा में ड्यूटी के दौरान नर्सिंग ऑफिसर का नशे में हंगामा, मचा हड़कंप
रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मेडिसिन विभाग के वार्ड नंबर 4 में तैनात नर्सिंग ऑफिसर विवेक ने ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। उसने पहले मरीजों और स्टाफ को परेशान किया, फिर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
रीवा के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल (SGMH) में एक नर्सिंग ऑफिसर द्वारा ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में हंगामा करने का मामला सामने आया है।
गुरुवार रात मेडिसिन विभाग के वार्ड नंबर 4 में तैनात नर्सिंग ऑफिसर विवेक ने नशे की हालत में अस्पताल परिसर में जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि उन्होंने वार्ड में मरीजों और स्टाफ को परेशान किया और फिर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।

वार्ड में मचा हड़कंप
घटना के समय वार्ड में मरीजों का इलाज चल रहा था। इसी दौरान नर्सिंग ऑफिसर की इस हरकत से स्टाफ और मरीज दोनों घबरा गए। परेशान होकर वहां मौजूद अन्य डॉक्टरों और स्टाफ ने इस मामले की लिखित शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की।

सुरक्षा गार्ड्स ने निकाला बाहर
शिकायत मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए सुरक्षा गार्ड्स को मौके पर भेजा। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खुलवाया और नर्सिंग ऑफिसर को बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने अमहिया पुलिस चौकी को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल चौकी में रखा है।

CMO बोले – अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. यत्नेश त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा,
"नर्सिंग ऑफिसर का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। मेडिकल जांच कराकर उसकी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। यह पूरी घटना अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है, और इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल के उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दे दी गई है।"

अस्पताल की व्यवस्था पर उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और स्टाफ की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक तरफ मरीजों के इलाज की बात है, वहीं इस तरह की घटनाएं अस्पताल की छवि को भी प्रभावित करती हैं। पुलिस और अस्पताल प्रशासन दोनों ही इस मामले की जांच में जुटे हैं और आरोपी पर वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
Saba Rasool 
