भोपाल में गूंजेगा कविता का सुर: “कर्मश्री” कवि सम्मेलन के लिए डॉ. कुमार विश्वास पहुंचे
डॉ. कुमार विश्वास भोपाल में “कर्मश्री” कवि सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे,आज रात अटल पथ पर होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर के कई प्रसिद्ध कवि शामिल होंगे।
भोपाल: हिंदू नववर्ष के अवसर पर राजधानी भोपाल एक बार फिर साहित्यिक रंग में रंगने जा रही है। बहुप्रतीक्षित “कर्मश्री” अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास आज दोपहर करीब 12 बजे नियमित फ्लाइट से भोपाल पहुंचे। इस बार 25वां आयोजन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव दीप प्रज्जलवन कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
राजधानी पहुंचते ही डॉ. कुमार विश्वास का एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान डॉ. कुमार ने कहा कि यह मध्य भारत का सबसे बड़ा कवि सम्मेलन है। मैं पहले आ चुका हूं। आज फिर आया हूं। भारत के कुछ शहर है, जहां प्रस्तुति देना बड़ा महत्व रखता है। आज के लोगों का प्रेम मुझसे हैं। भोपाल तो भोपाल है।रामेश्वर शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
राजा भोज की नगरी भोपाल में काव्य-पाठ का समृद्ध सुयोग बना है। आप सभी काव्य प्रेमियों की प्रतीक्षा रहेगी????
— Dr Kumar Vishvas (@DrKumarVishwas) March 17, 2026
दिनांक: 18 मार्च 2026
समय: रात्रि 8 बजे
स्थान: अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा, तात्या टोपे नगर, भोपाल pic.twitter.com/ylTSQ6ZQat
आज रात होगा भव्य आयोजन
हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में आज रात्रि 8 बजे हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर अटल पथ में इस विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। “कर्मश्री” संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के ख्यातनाम कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
देशभर के नामी कवि होंगे शामिल
इस कवि सम्मेलन में डॉ. कुमार विश्वास के साथ हास्य कवि दिनेश बावरा, पैरोडीकार सुदीप भोला, अजय अंजम, कुशल कुशलेन्द्र और कवियत्री सान्या राय जैसे चर्चित नाम मंच साझा करेंगे। आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है और 50 हजार से अधिक श्रोताओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पहले आओ, पहले पाओ की व्यवस्था
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के पास जारी नहीं किए गए हैं। बैठने की व्यवस्था “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर रहेगी। रामेश्वर शर्मा ने नागरिकों से समय से पहले पहुंचकर इस भव्य आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।भोपाल में इस कवि सम्मेलन को लेकर साहित्य प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है, और यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है।
sanjay patidar 
