रीवा: गश्त पर निकली पुलिस पर शराबियों ने किया हमला, वायरल वीडियो में पुलिस को गलत दिखाया गया
पूरी घटना का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें कुछ लोगों ने पुलिस को शराब के नशे में दिखाने की कोशिश की।
रीवा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रेलवे मोड़ के पास मंगलवार रात करीब 8:45 बजे एक विवादित घटना हुई, जिसमें कुछ शराब पी रहे युवकों ने गश्त पर निकली पुलिस टीम पर हमला कर दिया। घटना के दौरान मौके पर लगभग 40 लोग मौजूद थे, जबकि पुलिस टीम में सिर्फ 3 जवान थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अपनी नियमित पेट्रोलिंग पर थी। तभी रेलवे मोड़ के पास कुछ लोग खुलेआम शराब पी रहे थे। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने उल्टा पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को मजबूरी में पीछे हटना पड़ा।

इस पूरी घटना का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें कुछ लोगों ने पुलिस को शराब के नशे में दिखाने की कोशिश की। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पुलिस और युवकों के बीच गुत्थमगुत्था और मारपीट हुई, लेकिन वास्तविकता में पुलिसकर्मी पूरी तरह शराब मुक्त थे।
एडिशनल एसपी आरती सिंह ने मीडिया से बात करते हुए स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों ने शराब नहीं पी थी और उनके ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट से भी यह साबित हुआ कि उनमें कोई नशा नहीं था। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पुलिस पर नशे में होने का आरोप लगाया गया। हालांकि, एएसपी ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह गलत है और पुलिस बल की कमी के कारण उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पीछे हटना पड़ा।
पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि गश्त और चेकिंग के दौरान किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Varsha Shrivastava 
