MP में खाद की बिक्री पर रोक, स्टॉक मिलान के लिए सरकार का फैसला

मध्य प्रदेश में 14 अगस्त शाम 7 बजे से खाद की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। iFMS पोर्टल और वास्तविक स्टॉक के मिलान के लिए यह फैसला लिया गया है।

MP में खाद की बिक्री पर रोक, स्टॉक मिलान के लिए सरकार का फैसला

भोपाल। मध्य प्रदेश में खाद की बिक्री पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। कृषि विभाग के आदेश के मुताबिक 14 अगस्त की शाम 7 बजे से राज्य में खाद की बिक्री बंद है। खरीफ फसलों के सीजन के बीच आए इस फैसले से किसानों की चिंता बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि प्रदेश के करीब 82 लाख किसान इससे प्रभावित हो सकते हैं।

स्टॉक मिलान के लिए रोकी गई बिक्री

खाद की बिक्री रोकने की वजह भारत सरकार के iFMS पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और खाद विक्रेताओं के पास मौजूद वास्तविक स्टॉक का मिलान बताया गया है। इसी प्रक्रिया के चलते विपणन संघ, सहकारी समितियों, मध्य प्रदेश एग्रो लिमिटेड और अन्य खाद विक्रेताओं के केंद्रों पर बिक्री रोक दी गई है।

कब तक जारी रहेगी रोक, अभी साफ नहीं

सरकार की ओर से फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि खाद की बिक्री पर लगी रोक कब हटेगी। आदेश में आगामी निर्देश तक बिक्री बंद रखने की बात कही गई है। स्टॉक मिलान की प्रक्रिया कब तक पूरी होगी, इसकी भी कोई तय तारीख सामने नहीं आई है। ऐसे में खरीफ फसलों के सीजन में किसानों के बीच खाद को लेकर चिंता बढ़ गई है।कृषि विभाग ने संबंधित संस्थाओं और अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। जिलों में कलेक्टर और संबंधित अधिकारियों को भी इसकी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

खाद और ई-टोकन को लेकर पहले भी हुआ था प्रदर्शन

खाद और ई-टोकन की व्यवस्था को लेकर किसान पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं। नर्मदापुरम समेत कई जिलों के किसान अपनी समस्याएं लेकर भोपाल पहुंचे थे। किसानों की मांग खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर थी।अब खाद की बिक्री पर रोक लगने के बाद किसानों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोक के दौरान उन्हें खाद कहां से और कैसे मिलेगी। सरकार की ओर से इस संबंध में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।