80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर सेंट्रल जेल से 11 बंदियों की रिहाई
14 साल की सजा और 6 साल की माफी पूरी, इंदौर केंद्रीय जेल से 11 आजीवन कैदी समय पूर्व रिहा, इनमें 10 पुरुष और एक महिला कैदी शामिल
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर केंद्रीय जेल से 11 बंदियों को समय पूर्व रिहा किया गया। इनमें 10 पुरुष और एक महिला कैदी शामिल हैं। सभी बंदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे। शासन के नियमानुसार निर्धारित अवधि पूरी करने और अच्छे आचरण के आधार पर इनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी की गई।
जेल अधीक्षक दिनेश कुमार नरगावे ने बताया कि रिहा किए गए सभी बंदियों ने कम से कम 14 वर्ष का वास्तविक कारावास तथा 6 वर्ष की माफी की अवधि पूरी कर ली थी। इसके बाद शासन के नियमों और बंदियों के आचरण को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समय पूर्व रिहा किया गया। इस दौरान जेल अधीक्षक ने रिहा हुए बंदियों को नए जीवन की शुरुआत करने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि जो बीत गया, उसे पीछे छोड़कर परिवार के साथ शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी से जीवन बिताएं। उन्होंने कहा कि कई बार अपराध आवेश या परिस्थितियों के प्रभाव में हो जाते हैं, इसलिए भविष्य में धैर्य और संयम बनाए रखना जरूरी है।
दिनेश कुमार नरगावे ने युवाओं और नई पीढ़ी को नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति की सोच और नियंत्रण क्षमता को प्रभावित करता है और कई बार अपराध का कारण बनता है। उन्होंने स्वस्थ और सुरक्षित जीवन के लिए नशे से पूरी तरह दूर रहने की अपील की।
Varsha Shrivastava 
