मैहर में 25 लाख रुपये के लोन का झांसा देकर ₹78 हजार की साइबर ठगी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार
Maihar Cyber Fraud: मैहर के अमरपाटन में 25 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने युवक से ₹78 हजार ठग लिए. फर्जी वीडियो कॉल दिखाकर भरोसा दिलाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां 25 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से ₹78 हजार की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम बरह बड़ा निवासी सुशील चौधरी के पास 22 जुलाई 2026 को धनी फाइनेंस के नाम से एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने 25 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराने का दावा किया और इसके लिए विभिन्न शुल्क जमा कराने को कहा।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पहले आरबीआई चार्ज और अन्य प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ₹999, फिर ₹4,250 सहित अलग-अलग किस्तों में यूपीआई के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹78 हजार जमा करा लिए। इसके बाद आरोपी ने ₹18,500 की अतिरिक्त राशि की भी मांग की।
सुशील चौधरी को जब संदेह हुआ तो उन्होंने आरोपी से जानकारी मांगी। आरोप है कि आरोपी ने वीडियो कॉल के जरिए बैंक का फर्जी वीडियो दिखाकर भरोसा दिलाया कि लोन की प्रक्रिया चल रही है। इसी विश्वास में पीड़ित लगातार पैसे ट्रांसफर करता रहा।
बाद में ठगी का एहसास होने पर सुशील चौधरी अमरपाटन थाने पहुंचे। वहां उन्हें पता चला कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Anubhav Dubey 
