जापान में ₹29 करोड़ की टूना मछली, बनी दुनिया की सबसे महंगी मछली

जापान के टोयोसु फिश मार्केट में 536 पाउंड की टूना मछली ₹29 करोड़ में नीलामी में बिकी, जिससे यह दुनिया की सबसे महंगी मछली बन गई।

जापान में ₹29 करोड़ की टूना मछली, बनी दुनिया की सबसे महंगी मछली
GOOGLE

₹29 करोड़ की मछली। सुनने में ही कितना अजीब लगता है, लेकिन यह सच है। जापान में हाल ही में मछली की नीलामी ₹29 करोड़ रूपए में हुई है। ₹29 करोड़ जिसमें आप एक फ्लैट खरीद सकते हैं, लेकिन एक शख्स ने सिर्फ़ एक मछली खरीदी। लेकिन इस मछली में ऐसा भी क्या खास है? चलिए आपको बताते हैं।

1 जनवरी को जापान के टोक्यो में प्रसिद्ध मछली 'टोयोसु फिश मार्केट' (Toyosu Fish Market) में मछली की नीलामी चल रही थी। यह मछली कोई आम मछली नहीं बल्कि 536 पाउंड (करीब 243 किलो) की टूना मछली थी। नीलामी में कई लोगों ने बोली लगाई, लेकिन अंत में कियोशी किमुरा, जो जापान की मशहूर Sushi Zanmai रेस्टोरेंट चेन के मालिक हैं, उन्होंने इस मछली को ¥510 मिलियन में खरीद ली। जिसकी भारतीय कीमत करीब 29 करोड़ रूपए है।

29 करोड़ में बिकी यह टूना मछली अब दुनिया की सबसे महंगी मछली बन चुकी है। वही कियोशी किमुरा, जिन्होंने इस मछली को खरीदा, वे इससे पहले 2019 में भी एक टूना मछली के लिए लगभग ₹18-19 करोड़ रूपए चुका चुके हैं। और एक बार फिर से उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।

बता दें कि यह टूना मछली उत्तरी जापान के 'ओमा' (Oma) से आई थी। ओमा जापान का सबसे अच्छा टूना उत्पादन क्षेत्र है, जहां की मछलियां 'गोल्ड स्टैंडर्ड' मानी जाती हैं। जापान के लोग सुशी लवर्स होते हैं, उनमें पैसिफिक ब्लूफिन टूना की सुशी सबसे ज्यादा पसंद की जाती है।