बारिश और ठंडी हवाओं से MP में बढ़ी ठंड, कई जिलों में कोहरे का असर
मध्य प्रदेश में बुधवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई।
भोपाल: मध्य प्रदेश में बुधवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश के असर के साथ-साथ घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। ठंडी हवाओं के चलते ज्यादातर इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
ग्वालियर-चंबल संभाग में कोहरे का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला, जहां कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी की सुबह ग्वालियर में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई। दतिया और रीवा में 50 से 200 मीटर, जबकि रतलाम, उज्जैन और दमोह में 500 मीटर से एक किलोमीटर तक विजिबिलिटी रही।
राजधानी भोपाल, इंदौर, राजगढ़ और खजुराहो में विजिबिलिटी एक किलोमीटर से अधिक रही। वहीं गुना, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, सागर, टीकमगढ़ और मलाजखंड में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां विजिबिलिटी 2 से 4 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई।
कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के समय बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने और धीमी गति से ड्राइव करने की अपील की गई है। गुरुवार और शुक्रवार को भी कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन 6 और 7 फरवरी को प्रदेश के आधे हिस्से में हल्के से मध्यम कोहरे का असर बना रह सकता है।
उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के चलते मध्य प्रदेश में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
pushpendra 
