कोलंबिया में वायुसेना का विमान क्रैश 34 की मौत
कोलंबिया में वायुसेना का विमान क्रैश, 34 की मौत 114 कोलंबियाई सैनिक और 11 क्रू मेंबर थे सवार टेकऑफ के बाद 1.5km दूर गिरा
कोलंबिया में 23 मार्च को एयरफोर्स का हरक्यूलिस C-130 विमान टेक-ऑफ के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में 34 सैनिकों की मौत हो गई है। वहीं, 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कोलंबियाई वायु सेना के प्रमुख मेजर जनरल कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने बताया कि विमान में 114 सैनिक और 11 क्रू मेंबर सवार थे। यह हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुआ।
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सैन्य विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर हादसा है। पेट्रो ने कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी और जवानों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सेना को मजबूत बनाने और बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रही है, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों।
पेट्रो ने कहा कि सेना के हथियार और संसाधनों को आधुनिक बनाने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है, लेकिन प्रशासनिक देरी के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नागरिक या सैन्य अधिकारी इस चुनौती के अनुरूप काम नहीं कर पाए, तो उन्हें हटाया जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि सेना के लिए नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम तुरंत खरीदे जाने चाहिए, ताकि जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
क्रैश हुए C-130 हरक्यूलिस विमान की खाशियत
C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में से एक है, जिसका इस्तेमाल सैनिकों, हथियारों और राहत सामग्री को पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान कठिन और कच्चे रनवे पर भी उतर सकता है। यह एक बार में भारी सामान, हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद गाड़ियां और बड़ी मात्रा में राहत सामग्री ले जा सकता है। इसका इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, प्राकृतिक आपदा राहत, आग बुझाने और मौसम की जानकारी जुटाने जैसे कामों में भी होता है। C-130 हरक्यूलिस एक बार में लगभग 42,000 पाउंड (करीब 19,000 किलोग्राम) तक वजन एयरड्रॉप कर सकता है।

