ट्रंप ने की PM मोदी की तारीफ: बोले- वह मेरे दोस्त, मैं उनका बड़ा फैन हूं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री को अपना दोस्त बताते हुए कहा कि वे नरेंद्र मोदी के बहुत बड़े फैन हैं। साथ ही ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना दोस्त बताया और कहा कि पीएम मोदी महान हैं और वह प्रधानमंत्री के बहुत बड़े फैन हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है।
भारत मंडपम कार्यक्रम में ट्रंप का संबोधन
अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के भारत मंडपम में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान ट्रंप ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को फोन कर वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन में ट्रंप ने कहा, मैं सबको गुड इवनिंग कहना चाहता हूं। आपको (एम्बेसडर गोर) हमारे देश के प्रतिनिधि के तौर पर अच्छी स्पीच देनी होगी। ट्रंप ने आगे कहा- मुझे भारत से प्यार है। प्रधानमंत्री मोदी महान हैं। वह मेरे दोस्त हैं। मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और अमेरिका पहले कभी इतने करीब नहीं रहे। भारत मुझ पर और अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है। अगर उन्हें कभी मदद की जरूरत पड़ी, तो उन्हें पता है कि कहां कॉल करना है। ट्रंप ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि भारत को कभी मदद की जरूरत पड़े, तो अमेरिका हमेशा साथ खड़ा रहेगा।
भारत-अमेरिका रिश्तों से लेकर ट्रेड डील तक
ट्रंप के इस बयान को केवल व्यक्तिगत दोस्ती तक सीमित नहीं माना जा रहा है। इसे भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करने वाले संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच इस समय ट्रेड डील, टैरिफ, रक्षा सहयोग, AI, सेमीकंडक्टर और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में बातचीत चल रही है।अमेरिका और भारत QUAD समूह के जरिए इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भी साथ काम कर रहे हैं। चीन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है।

वहीं, ट्रंप का “भारत अमेरिका पर 100% भरोसा कर सकता है” वाला बयान व्यापारिक रिश्तों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो पहले ही संकेत दे चुके हैं कि दोनों देशों के बीच जल्द बड़ा व्यापार समझौता हो सकता है। हाल के महीनों में अमेरिका ने कुछ भारतीय उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाए थे। हालांकि बाद में कुछ मामलों में राहत भी दी गई। इसके बावजूद दोनों देश आर्थिक और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।
पहले भी मोदी की तारीफ कर चुके हैं ट्रंप
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक रूप से तारीफ की हो। सितंबर 2019 में अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित “हाउडी मोदी” कार्यक्रम में ट्रम्प ने मोदी को भारत के सबसे सम्मानित नेताओं में से एक बताया था।

इसके बाद फरवरी 2020 में अहमदाबाद में हुए “नमस्ते ट्रम्प” कार्यक्रम में भी उन्होंने मोदी को एक मजबूत और शानदार नेता कहा था। 2024 के अमेरिकी चुनाव प्रचार के दौरान भी ट्रम्प कई बार कह चुके हैं कि मोदी उनके अच्छे दोस्त हैं और उनके कार्यकाल में भारत-अमेरिका संबंध मजबूत हुए।
Varsha Shrivastava 
