अग्निवीरों को अब 6 साल तक सर्विस का मौका, 2 साल बढ़ा कार्यकाल; बेहतर प्रदर्शन पर मिलेगी स्थायी नौकरी
Agniveer Scheme: CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह साल करने का ऐलान किया। 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन, बेहतर प्रदर्शन पर स्थायी नौकरी का मौका मिलेगा।
Agniveer Service Period: अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर है। अब उन्हें चार साल की जगह छह साल तक सेवा करने का मौका मिलेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का ऐलान किया। इस फैसले के तहत चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि दी जाएगी।
CDS के मुताबिक, अतिरिक्त सेवा अवधि पूरी होने के बाद सेना में बने रहने के इच्छुक अग्निवीर तय चयन प्रक्रिया से गुजर सकेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में स्थायी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। हालांकि, स्थायी नियुक्ति चयन प्रक्रिया और निर्धारित मानकों पर निर्भर करेगी।
4 साल की जगह अब 6 साल तक सेवा
अग्निपथ योजना के तहत अभी तक अग्निवीरों की सेवा अवधि चार साल निर्धारित थी। इसके बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल होने का मौका मिलता था, जबकि बाकी 75 प्रतिशत को सेवा से मुक्त किया जाता था। नई व्यवस्था के तहत चार साल पूरे करने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर दिया जाएगा। यानी वे कुल छह साल तक सेना में सेवाएं दे सकेंगे। इसके बाद नियमित सेवा में बने रहने के इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
बढ़ी हुई सैलरी और भत्तों का भी मिलेगा लाभ
अतिरिक्त दो साल की सेवा करने वाले अग्निवीरों को बढ़ी हुई सैलरी और भत्ते भी दिए जाएंगे। इससे उन्हें सेना में काम करने का अतिरिक्त अनुभव और आर्थिक लाभ मिलेगा। इस बदलाव को अग्निवीरों के सेवा अनुभव और सेना में आगे बने रहने के अवसरों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
देश की तीनों सेनाओं में 3.18 लाख अग्निवीर
फिलहाल देश की तीनों सेनाओं में करीब 3.18 लाख अग्निवीर सेवा दे रहे हैं। अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले युवाओं को चार साल के लिए नियुक्त किया जाता है। योजना की शुरुआत के बाद से ही सेवा अवधि और चार साल बाद भविष्य को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
अब सेवा अवधि में दो साल की बढ़ोतरी के ऐलान से अग्निवीरों को सेना में अधिक समय तक काम करने का अवसर मिलेगा। हालांकि, सभी अग्निवीरों को स्थायी नौकरी नहीं मिलेगी। इसके लिए उन्हें निर्धारित चयन प्रक्रिया और प्रदर्शन के मानकों पर खरा उतरना होगा।

