ईरान पर हमला करने की योजना बना रहा अमेरिका, ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों से कहा- 'US मदद के लिए तैयार'
ईरान के अलग-अलग हिस्सों में लोग लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान सामने आया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल बढ़ा दी है।
ईरान में पिछले कई दिनों से जारी हिंसक विरोध प्रदर्शनों में अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। हालात ऐसे हैं कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग लगातार सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान सामने आया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हलचल बढ़ा दी है।
आजादी दिलाने में मदद के लिए अमेरिका तैयार
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि, अमेरिका, ईरान को सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली सरकार से “आजादी” दिलाने में मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि ईरान आज जिस तरह आजादी की ओर देख रहा है, वैसा पहले शायद कभी नहीं हुआ और अमेरिका जरूरत पड़ने पर सहयोग करेगा।
ट्रंप ने पहले भी दी खामेनेई सरकार को चेतावनी
इससे पहले भी ट्रंप खामेनेई सरकार को चेतावनी दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर प्रदर्शनकारियों का खून बहाया तो इसके गंभीर नतीजे होंगे। अब उनके ताजा बयान के बाद ईरान के खिलाफ अमेरिका की संभावित कार्रवाई को लेकर आशंकाएं और गहरी हो गई हैं।
ईरान में विरोध प्रदर्शन उस समय तेज हुए थे, जब पिछले साल के अंत में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका के फ्लोरिडा में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी और ईरान पर हमले की एक योजना पर चर्चा की थी।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप प्रशासन ईरान पर संभावित सैन्य कार्रवाई के विकल्पों पर विचार कर रहा है। शुरुआती स्तर पर योजनाएं बनाई जा रही हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अमेरिकी अधिकारी इस बात पर चर्चा कर रहे हैं कि ईरान में चल रहे प्रदर्शनों के बीच ट्रंप की धमकियों पर आगे क्या कदम उठाया जाए। इनमें से एक विकल्प ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले करने का भी बताया जा रहा है।
हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी योजना को अंतिम रूप नहीं दिया गया है और न ही फिलहाल किसी अमेरिकी हथियार या सैनिक को इस तरह के किसी मिशन के लिए तैनात किया गया है।
pushpendra 
