गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल, विजय बने तमिलनाडु के हीरो

बंगाल में पहली बार भाजपा की सत्ता, असम में बीजेपी की हैट्रिक, पुडुचेरी में NDA सरकार, तमिलनाडु में 2 साल पुरानी TVK ने 50+ साल पुरानी DMK-AIADMK को हराया, केरलम में 10 साल बाद लौटी कांग्रेस, अब देश में कहीं नहीं लेफ्ट सरकार

गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल, विजय बने तमिलनाडु के हीरो

पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को सामने आए। इन नतीजों के अनुसार तीन राज्यों में सत्ता परिवर्तन हुआ है, जबकि दो राज्यों में सत्तारूढ़ गठबंधन ने वापसी की है।

बंगाल में पहली बार भाजपा के हाथ सत्ता लगी है। असम में बीजेपी ने हैट्रिक लगाई। पुडुचेरी में NDA का दबदबा रहा। तमिलनाडु में 2 साल पुरानी विजय की पार्टी TVK ने 50+ साल पुरानी DMK-AIADMK को हराया। केरलम में 10 साल बाद लौटी कांग्रेस और इसी के साथ अब देश में लेफ्ट सरकार कहीं नहीं बची है। इसके साथ ही दो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और एमके स्टालिन चुनाव हार गए हैं।

बंगाल: पहली बार राज्य और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार

पश्चिम बंगाल में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। TMC को हराकर भाजपा पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है। पार्टी ने 293 में से 206 सीटें जीतकर लगभग 70% स्ट्राइक रेट हासिल किया। बीजेपी ने 10 साल में 3 सीटों से 206 सीटों तक का सफर तय किया है। 1972 के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में अब ऐसी पार्टी की सरकार होगी, जो केंद्र में भी सत्ता में है। 

इधर ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस 81 सीटों पर सिमट गई। ममता बनर्जी खुद अपनी सीट हार गईं और उनकीे कैबिनेट के 12 मंत्री भी चुनाव नहीं जीत सके। भाजपा के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण बताई जा रही है क्योंकि पार्टी कुछ साल पहले तक राज्य में बेहद सीमित उपस्थिति रखती थी। 

बंगाल में भाजपा ने बिना चेहरे के चुनाव लड़ा, इसलिए अब बड़ा सवाल यह है कि कौन मुख्यमंत्री होगा। मुख्यमंत्री पद के लिए सुवेंदु अधिकारी, सुकांत मजूमदार और दिलीप घोष जैसे नामों की चर्चा तेज बताई जा रही है। इसके अलावा पार्टी किसी महिला चेहरे को भी मौका दे सकती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यापक चुनाव प्रचार को भी जीत का बड़ा कारण बताया गया है। उन्होंने अपनी जनसभाओं और रोड-शो के जरिए बंगाल की 294 में से 242 सीटें कवर कीं थी। जिसमें से 184 सीटों पर भाजपा जीती है। पीएम मोदी ने सोमवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है। बंगाल को बदला नहीं, बदलाव चाहिए। बंगाल की पहली कैबिनेट मीटिंग में ही आयुष्मान भारत को मंजूरी मिलेगी। घुसपैठ करने वालों पर एक्शन लिया जाएगा महिलाओं को सुरक्षा का महौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा।

वहीं, आज ममता बनर्जी शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। उन्होंने कल आरोप लगाया था कि निर्वाचन आयोग और भाजपा गड़बड़ी कर रहे हैं। 100 से ज्यादा सीटें लूटी गईं हैं। मेरे एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया, मुझे रोका गया, पीटा गया।

तमिलनाडु: एक्टर थलपति विजय ने लूट ली सारी लाइमलाइट

जब सब की नजरें बंगाल चुनाव के नतीजों पर थी उसी समय विजय ने सारी लाइमलाइट लूट ली। तमिलनाडु में एक्टर थलपति विजय की पार्टी TVK ने सबसे ज्यादा 108 सीटें लाकर सबको चौंका दिया। 59 साल में पहली बार राज्य में ऐसी सरकार बनने जा रही है, जिसमें DMK या AIADMK नहीं होगी।

विजय की पार्टी TVK ने हर इलाके में सीटें जीतीं और 46% के साथ सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट हासिल किया। सबसे अधिक दबदबा उत्तर और तटीय इलाकों में रहा। मध्य तमिलनाडु में भी उसे खूब सीटें मिलीं। इसके अलावा TVK पार्टी के उम्मीदवार श्रीनिवासा सेतुपति ने महज 1 वोट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया

वहीं, कुछ लोग इसे विजय का लेडी लक बता रहें हैं। कल जब विजय को इतनी बड़ी जीत मिली तो एक्ट्रेस तृषा कृष्णन का जन्मदिन था, जिनका नाम विजय से जुड़ता रहा है। 

DMK ने 164 में 59 सीटें जीतकर 36% और AIADMK ने 170 में 47 सीटों के साथ 27.6% स्ट्राइक रेट दर्ज किया। कांग्रेस 28 में 5 सीटें जीतकर 17.8% पर रही। BJP का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। पार्टी 27 सीटों पर लड़कर सिर्फ 1 सीट जीत सकी और उसका स्ट्राइक रेट मात्र 3.4% रहा।

सीएम स्टालिन समेत 34 मंत्रियों में से 15 मंत्री चुनाव हार गए। हालांकि, स्टालिन के बेटे उदयनिधि ने जीत हासिल की है। यह 1967 के बाद पहली बार होगा जब राज्य में द्रविड़ पार्टियों के अलावा कोई तीसरी पार्टी सत्ता में आएगी। 

केरलम में कांग्रेस का कमबैक, अब देश में कहीं लेफ्ट सरकार नहीं

केरल में भी बदलाव हुआ है। कांग्रेस ने 10 साल बाद सत्ता में वापसी की है और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को हार का सामना करना पड़ा है। अब देश में कहीं भी लेफ्ट सरकार नहीं बची है। ऐसा 5 दशकों में पहली बार हुआ है। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी अपनी सीट नहीं बचा सके LDF की सरकार के 21 में से 13 मंत्री चुनाव हार गए हैं। 

केरलम में कांग्रेस ने 114 में से 63 सीटें जीतकर 55.2% का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट हासिल किया। CPI(M) ने 76 में 26 सीटें जीतकर 34.2% स्ट्राइक रेट दर्ज किया। भाजपा 94 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ 3 सीटें जीत सकी और 3.1% के साथ सबसे पीछे रही। इसी के साथ अब राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन, केसी वेणुगोपाल, सनी जोसेफ और रमेश चेन्निथला जैसे नेताओं के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं।

असम में बीजेपी की हैट्रिक, पुडुचेरी में NDA सरकार

असम में सत्तारूढ़ भाजपा ने अपनी पकड़ बरकरार रखी। बीजेपी ने बहुमत से कहीं ज्यादा सीटें जीतकर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की स्थिति बनाई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में पार्टी ने अपर असम और बराक वैली में मजबूत प्रदर्शन किया। भाजपा का स्ट्राइक रेट 90% से अधिक रहा, जो इसे सबसे प्रभावशाली जीतों में से एक बनाता है। वहीं कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर बताया गया है और वह मुख्य रूप से लोअर असम तक सीमित रही। राज्य में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। असम में 126 सीटों पर चुनाव हुआ। भाजपा ने 89 पर चुनाव लड़ा और 82 सीटें जीतीं, जो बहुमत के आंकड़े से 18 ज्यादा है। मौजूदा भाजपा सरकार का कोई भी मंत्री चुनाव नहीं हारा। ऐसा देश में पहली बार हुआ। कांग्रेस 99 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ 19 सीटें जीत सकी। उसका स्ट्राइक रेट 21% रहा। 

इधर, पुडुचेरी में NDA की वापसी के साथ एन. रंगासामी 5वीं बार पुडुचेरी के सीएम बनेंगे। उनकी पार्टी AINRC ने 12 सीटें जीतीं। वो पहली बार 2001 में सीएम बने थे। उनकी सरकार के 2 मंत्रियों लक्ष्मीनारायणन और चंद्रा प्रियंगा को हार का सामना करना पड़ा है। सत्ताधारी पार्टी ऑल इंडिया एनएआर कांग्रेस (AINRC) ने अपनी ज्यादातर सीटें मध्य और दक्षिण पुडुचेरी में जीतीं। भाजपा को 4 सीटें उत्तरी इलाके में मिलीं। DMK ने 3 सीटें उत्तरी और 2 सीटें दक्षिण-पूर्वी इलाके में जीतीं। कांग्रेस को एकमात्र सीट मध्य पुडुचेरी में मिली है। पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव हुए। AINRC ने 16 में से 12 सीटें जीतकर 75% का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट हासिल किया। भाजपा ने 10 में 4 सीटें जीतकर 40% के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। कांग्रेस 16 सीटों पर चुनाव लड़कर सिर्फ 1 सीट जीत सकी और उसका स्ट्राइक रेट मात्र 6% रहा।