Samay Raina ने असम बाढ़ पीड़ितों के लिए दिए 10 लाख रुपये, CM Relief Fund में जमा

Samay Raina ने असम बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 10 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किए. CM हिमंत बिस्वा सरमा ने उनका आभार जताया.

Samay Raina ने असम बाढ़ पीड़ितों के लिए दिए 10 लाख रुपये, CM Relief Fund में जमा

असम। असम में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है. उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 10 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा किए हैं.

असम के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी गई. पोस्ट में बताया गया कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने समय रैना की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए गए 10 लाख रुपये के योगदान को स्वीकार किया है.

इसके बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से समय रैना का आभार जताया. उन्होंने असम में चल रहे राहत कार्यों में योगदान देने के लिए समय को धन्यवाद दिया.

असम में बाढ़ से हालात गंभीर

असम इस समय भारी बारिश और बाढ़ की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रहा है. राज्य में अब तक 98 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि हजारों परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को चराइदेव जिले के महमोरा रेवेन्यू सर्कल में एक और व्यक्ति की मौत दर्ज की गई.

बाढ़ का असर राज्य के 13 जिलों में देखने को मिल रहा है. इनमें शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, होजई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप (एम), लखीमपुर, उदलगुरी, जोरहाट और चराइदेव शामिल हैं.

464 गांवों तक पहुंचा बाढ़ का असर

बाढ़ की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 33 राजस्व मंडलों के 464 गांव प्रभावित बताए गए हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार करीब 1.55 लाख लोग बाढ़ की चपेट में हैं.

प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव का काम जारी है. इसी बीच समय रैना की ओर से की गई आर्थिक मदद बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कार्यों में इस्तेमाल की जाएगी.

समय रैना से जुड़ा असम केस भी रहा चर्चा में

समय रैना का असम से जुड़ा एक पुराना विवाद भी चर्चा में रहा है. पिछले साल उनके शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' से जुड़े मामले में समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

यह मामला शो में कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा था. हाल ही में समय रैना ने अपने शो के दौरान एक महिला प्रतिभागी के साथ बातचीत में असम में दर्ज केस को खत्म करने की अपील मजाकिया अंदाज में की थी.

अब असम में बाढ़ के बीच उनकी ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का योगदान चर्चा में है. मुख्यमंत्री की ओर से भी इस मदद के लिए उनका सार्वजनिक तौर पर आभार जताया गया है.