मऊगंज-नईगढ़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान : परी मिष्ठान भंडार का कलाकंद-पेड़ा जब्त कर भोपाल भेजा

Mauganj Food Safety Drive : राजू होटल, आशीष, राकेश और राजस्थान मिष्ठान भंडार सहित आधा दर्जन दुकानों की हुई जांच - मिलावट पहचानने के गुर भी सिखाये

मऊगंज-नईगढ़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान : परी मिष्ठान भंडार का कलाकंद-पेड़ा जब्त कर भोपाल भेजा

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज

दीपावली दौरान मिठाइयों की मांग बनी हुई है और इसी के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ गई है। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला मऊगंज हरकत में आया और चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मऊगंज एवं नईगढ़ी के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

अभियान की शुरुआत नईगढ़ी से की गई। यहां अधिकारियों की टीम सबसे पहले नईगढ़ी बाजार स्थित राजू होटल, परी मिष्ठान भंडार, आशीष मिष्ठान भंडार सहित अन्य मिठाई विक्रय करने वाले प्रतिष्ठानों पर पहुंची। यहां टीम ने चलित प्रयोगशाला के माध्यम से दुकानों में बिक रही बर्फी, कलाकंद, पेड़ा, गुलाब जामुन जैसी मिठाइयों की मौके पर ही प्राथमिक जांच की।

जांच के दौरान नईगढ़ी के परी मिष्ठान भंडार में बिक रही मिठाई प्रथम दृष्टया अमानक पाई गई। मिठाई में मिलावट की आशंका को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए वहां से कलाकंद एवं पेड़ा के नमूने जप्त किए। नियमानुसार नमूनों को सील कर विस्तृत एवं वैज्ञानिक परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

नईगढ़ी के बाद टीम मऊगंज बाजार पहुंची। यहां राकेश मिष्ठान भंडार, राजस्थान मिष्ठान भंडार एवं प्रसाद मिष्ठान भंडार सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से भी नमूने एकत्र कर चलित प्रयोगशाला में मौके पर ही जांच की गई। अधिकांश दुकानों की मिठाइयां मानक के अनुरूप पाई गईं, जिन्हें देखकर दुकानदारों ने राहत की सांस ली।

इस पूरे अभियान का सबसे महत्वपूर्ण पहलू आम जन को जागरूक करना रहा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्राहकों और दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट को पहचानने के आसान घरेलू तरीके बताए। जैसे - मावे में स्टार्च, मिठाई में अखाद्य रंग और घी में अन्य तेलों की मिलावट कैसे पहचानी जाती है, इसके बारे में विस्तार से बताया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि त्यौहारों के सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए चलित प्रयोगशाला के माध्यम से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका हो तो वे तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्यवाही की जा सके।