बिजली कटौती पर किसानों का हंगामा : 10 घंटे की जगह 4 घंटे मिल रही बिजली, कंपनी कार्यालय के गेट पर लगाया ताला
Ashoknagar News : अशोकनगर में बिजली कटौती से नाराज किसानों ने बिजली कंपनी कार्यालय के गेट पर ताला लगाया। धतुरिया और तरावली सहित चार गांवों में 10 की जगह केवल 4 घंटे बिजली मिलने का आरोप लगाया।
Ashoknagar Farmers Protest : अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में बिजली कटौती से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। धतुरिया, तरावली सहित चार गांवों के किसानों ने बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। इस दौरान बिजली अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। किसानों ने बिजली आपूर्ति नियमित करने और तय समय तक बिजली देने की मांग उठाई।

10 घंटे की जगह मिल रही सिर्फ 4 घंटे बिजली
किसानों का आरोप है कि सरकार की ओर से ट्यूबवेल के लिए प्रतिदिन 10 घंटे बिजली देने की बात कही जाती है, लेकिन गांवों में केवल चार घंटे ही बिजली मिल रही है। परेशानी यह है कि बिजली आने और जाने का कोई निश्चित समय भी नहीं है। इसके कारण किसानों को खेतों में सिंचाई करने में दिक्कत हो रही है। किसानों का कहना है कि समय पर पानी नहीं मिलने से फसलों की स्थिति प्रभावित हो रही है।

सिंचाई और बोवनी का काम हो रहा प्रभावित
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण खेतों में पलेवा नहीं हो पा रहा है। वहीं, बोवनी का काम भी प्रभावित हो रहा है। किसानों को इस बात की चिंता है कि यदि समय पर सिंचाई नहीं हुई तो फसलों की पैदावार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने बिजली कंपनी के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस की समझाइश के बाद खुला गेट
कार्यालय में ताला लगाए जाने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। इसके बाद किसानों ने मुख्य गेट का ताला खोल दिया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और बिजली व्यवस्था जल्द सुधारने का आश्वासन दिया। हालांकि, किसान नियमित बिजली आपूर्ति की मांग पर अड़े रहे।



