Diljit Dosanjh के कॉन्सर्ट पर सख्ती : 'पटियाला पैग' समेत 4 गानों पर रोक, प्रोफेसर ने की थी शिकायत
Diljit Dosanjh Concert Controversy : दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को होने वाले इंदौर कॉन्सर्ट में चार गानों पर रोक के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों की एंट्री और बम धमकी वाले ई-मेल के बाद सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जा रही है।
Diljit Dosanjh Concert Controversy : इंदौर। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का 15 नवंबर को इंदौर में कॉन्सर्ट होने जा रहा है। कार्यक्रम से पहले चार गानों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को कार्यक्रम में नहीं गाने देने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि इन गानों के बोल बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकते हैं। कॉन्सर्ट में पांच साल से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश दिया जाएगा। इसी वजह से प्रशासन ने यह चिंता जताई है।
इन 4 गानों पर विभाग ने जताई आपत्ति
जिन गानों पर आपत्ति जताई गई है, उनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम लभिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी' शामिल हैं। विभाग के अनुसार, इन गानों में शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों का जिक्र है। कुछ बोलों में शराब को तनाव दूर करने का जरिया बताया गया है, जबकि एक गाने में गोलीबारी को शान के रूप में दिखाया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 6 नवंबर को जारी पत्र में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का भी हवाला दिया है।
प्रोफेसर की शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
यह शिकायत चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर ने की थी। उन्होंने चारों गानों को लेकर आपत्ति जताई थी। साथ ही कॉन्सर्ट में बच्चों को मंच पर नहीं बुलाने और सिंगर को कारतूस वाली बेल्ट पहनने से रोकने की मांग की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि गानों के बोल बदलकर भी प्रस्तुत नहीं किए जाने चाहिए। विभाग ने अपने पत्र की प्रतियां कलेक्टर, एसडीएम विजय नगर और संबंधित पुलिस अधिकारियों को भेजी हैं।
कॉन्सर्ट से पहले तीन स्कूलों को मिली थी धमकी
दिलजीत के कार्यक्रम से पहले इंदौर में सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है। 2 नवंबर को शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरे ई-मेल मिले थे। इनमें 15 नवंबर को कॉन्सर्ट के दौरान आईईडी विस्फोट की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलने पर बम निरोधक दस्तों ने स्कूलों की जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस की शुरुआती जांच में ई-मेल फर्जी होने की आशंका जताई गई है। क्राइम ब्रांच भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है।
दिलजीत बोले- इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाऊंगा
विवाद और धमकियों के बीच दिलजीत दोसांझ ने वीडियो जारी कर इंदौर आने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उनका कार्यक्रम तय तारीख पर ही होगा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि इंदौर पहुंचते ही सबसे पहले यहां का मशहूर पोहा खाएंगे। साथ ही शो में बाधा डालने वालों को जवाब देते हुए कहा कि जो उनके कार्यक्रम के लिए संकट खड़ा करेगा, वह खुद उसके लिए बड़ा संकट बन जाएंगे। फिलहाल कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।



