Balodabazar Electric Shock : कपड़ा कारोबारी, पत्नी-बेटे की मौत, बालकनी की ग्रिल में फैला था करंट
Balodabazar Electric Shock Accident : बलौदाबाजार में बालकनी की लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से कपड़ा कारोबारी, उनके बेटे और पत्नी की मौत हो गई। पुलिस 11 हजार केवी हाईटेंशन लाइन से जुड़े हादसे की जांच कर रही है।
Balodabazar Electric Shock Accident : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में पहले कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता की जान गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल पत्नी वर्षा गुप्ता ने भी रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि घर की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया था। इसे छूने के कारण परिवार के तीनों सदस्य हादसे का शिकार हुए।
बालकनी की ग्रिल छूते ही करंट से चिपके कारोबारी
जानकारी के मुताबिक, नेहरू चौक निवासी राकेश गुप्ता (45) शुक्रवार सुबह रोज की तरह सोकर उठे थे। इसके बाद वे घर की बालकनी में गए और वहां लगी लोहे की ग्रिल को छू लिया। ग्रिल में पहले से करंट फैला हुआ था। बिजली का तेज झटका लगने से वे ग्रिल से चिपक गए। पिता को इस हालत में देखकर उनका 24 वर्षीय बेटा ओम उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने पिता को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया।
पति और बेटे को बचाने पहुंचीं वर्षा, उन्हें भी लगा झटका
पति और बेटे को करंट से जूझते देखकर वर्षा गुप्ता (45) भी उन्हें बचाने पहुंचीं। इस दौरान वे भी बिजली की चपेट में आ गईं और दूर जा गिरीं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राकेश और ओम को मृत घोषित कर दिया। वर्षा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
11 हजार केवी लाइन से करंट फैलने की आशंका
सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पीएसआई खिलेंद्र कुमार के अनुसार, घर के पास से 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरती है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि बालकनी में रखे सफाई के सामान का तार हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आया होगा। इससे लोहे की ग्रिल में करंट फैल गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।



