Pachmarhi Gangrape : पचमढ़ी के जंगल में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, स्कूल फ्रेंड को जिप्सी से बांधकर दिया वारदात को अंजाम

Pachmarhi Gangrape : 17 साल की नाबालिग के दोस्त को बंधक बनाकर छात्रा के साथ तीनों आरोपियों ने दरिंदगी की है। फिलहाल मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है। 

Pachmarhi Gangrape : पचमढ़ी के जंगल में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप, स्कूल फ्रेंड को जिप्सी से बांधकर दिया वारदात को अंजाम

Pachmarhi Gangrape : पचमढ़ी। मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में एक नाबालिग छात्र के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले युवकों को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 साल की नाबालिग के दोस्त को बंधक बनाकर छात्रा के साथ तीनों आरोपियों ने दरिंदगी की है। फिलहाल मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है। 

ये है पूरा मामला 

गैंगरेप मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि, पीड़िता पचमढ़ी में पढ़ाई करती है। बीते 19 अगस्त को लगभग दो बजे पीड़िता के स्कूल का एक दोस्त उससे मिलने आया था। बस स्टैंड पर पीड़िता के फ्रेंड की दोस्ती जिप्सी ड्राइवर हरिओम से हुई।

जब जिप्सी ड्राईवर पीड़िता के दोस्त से मिला तब उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके बाद सभी जिप्सी ड्राइवर हरिओम की गाड़ी से घूमने चले गए। 

आरोपी पीड़िता और उसके दोस्त को दक्षिण स्काउट गाइड के पास घने जंगलों में ले गए। वहां दोनों को सभी आरोपियों ने डराया धमकाया। इतना ही नहीं चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर नाबालिग छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया और छात्रा को जंगल में ले गए।  

वहां तीनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को वापस बस स्टैंड छोड़ दिया और मुंह बंद रखने को कहा। किसी को इस घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी। 

छात्रा ने स्कूल जाना कर दिया बंद 

घटना के बाद छात्रा डरी- सहमी रहने लगी। इसके बाद उसने स्कूल जाना भी बंद कर दिया। अपनी बड़ी बहन ने स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा तो पीड़िता ने अपनी बहन को पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद रविवार देर रात वह परिजन के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची। 

पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया केस 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए। पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया

एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने इस मामले को लेकर कहा कि नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पर्यटन स्थल पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस घटना के बाद पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एक स्थानीय जिप्सी चालक की संलिप्तता सामने आने से चिंता और बढ़ गई है। पचमढ़ी आने वाले पर्यटक आमतौर पर स्थानीय जिप्सी चालकों और गाइडों के सहयोग से क्षेत्र का भ्रमण करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने पर्यटन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।