छतरपुर: बक्सवाहा नगर परिषद में रिश्वत कांड, CMO और उपयंत्री को EOW ने रंगे हाथ पकड़ा
प्रधानमंत्री आवास और आवासीय पट्टा दिलाने के बदले मांगी गई रिश्वत, CMO नेहा शर्मा और उपयंत्री पर EOW की बड़ी कार्रवाई
छतरपुर | जिले के बक्सवाहा नगर परिषद में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) सागर की टीम ने नगर परिषद बक्सवाहा की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) नेहा शर्मा और उपयंत्री शोभित मिश्रा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। दोनों पर आवासीय पट्टा एवं प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दिलाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
EOW सागर में दर्ज कराई गई थी शिकायत
मामला बक्सवाहा निवासी हरिओम अहिरवार से जुड़ा है, जिन्होंने EOW सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नगर परिषद की CMO ने आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति देने के लिए 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत की जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि सत्यापन के दौरान CMO नेहा शर्मा ने 30 हजार रुपये की रिश्वत की मांगी थी। इसके बाद EOW ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैप की योजना बनाई।

EOW टीम ने बक्सवाहा में ट्रैप कार्रवाई को दिया अंजाम
आवेदक की सूचना पर EOW सागर की टीम ने जाल बिछाया और बक्सवाहा में ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान CMO नेहा शर्मा ने स्वयं रिश्वत की राशि नहीं ली, बल्कि उपयंत्री शोभित मिश्रा को रकम लेने के लिए भेजा। जैसे ही उपयंत्री ने आवेदक से रिश्वत की राशि ली, EOW की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। पंच साक्षियों की मौजूदगी में उपयंत्री के हाथ केमिकल से धुलवाए गए, जिसमें हाथ गुलाबी हो गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

आवासीय पट्टा, PM आवास योजना का आवेदन नगर परिषद में लंबित
आवेदक का आवासीय पट्टा और प्रधानमंत्री आवास योजना का आवेदन अभी नगर परिषद में लंबित था। EOW ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस ट्रैप कार्रवाई में EOW सागर की टीम, जिसमें उप पुलिस अधीक्षक उमा नवल आर्य, निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, आदेश जैन, उप निरीक्षक सोनल पाण्डेय, प्रधान आरक्षक आसिफ खान, रामसजीवन यादव, राकेश बेन, चालक प्रधान आरक्षक अफसर अली, आरक्षक गोविंद अवस्थी, अंकित मिश्रा, आकाश दीक्षित और महिला आरक्षक स्वाति दुबे की अहम भूमिका रही।
Varsha Shrivastava 
