ओरछा में होगी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक, 18-19 जुलाई को जुटेंगे प्रदेशभर के नेता

मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 18 और 19 जुलाई को ओरछा में होगी. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की अध्यक्षता में संगठनात्मक समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी.

ओरछा में होगी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक, 18-19 जुलाई को जुटेंगे प्रदेशभर के नेता

भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 18 और 19 जुलाई 2026 को निवाड़ी जिले के ओरछा में आयोजित की जाएगी।. बैठक का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में होगा. इस संबंध में प्रदेश कार्यालय की ओर से सभी भाजपा जिलाध्यक्षों और संबंधित पदाधिकारियों को पत्र जारी कर समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए है. बैठक का शुभारंभ 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे होगा, जबकि 19 जुलाई को भोजन उपरांत इसका समापन किया जाएगा।

संगठनात्मक कार्यों की होगी समीक्षा

पत्र के अनुसार, भगवान श्री रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में आयोजित होने वाली यह कार्यसमिति केवल संगठनात्मक बैठक नहीं होगी, बल्कि राष्ट्र, समाज और संगठन के प्रति संकल्पों को और अधिक मजबूत करने का अवसर भी होगी. बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, चुनावी रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की जाएगी. साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन भी मिलेगा.

इन पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, स्थायी आमंत्रित सदस्य, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों की उपस्थिति अपेक्षित रखी गई है।

जिलाध्यक्षों को दिए गए विशेष निर्देश

प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिलाध्यक्षों से कहा है कि वे अपने जिले में हाल ही में आयोजित कार्यक्रमों और मासिक बैठकों का विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में साथ लेकर आएं. इसके अलावा सड़क मार्ग से आने वाले पदाधिकारियों को वाहन शेयरिंग करने की सलाह दी गई है. झांसी रेलवे स्टेशन से ओरछा तक आने-जाने के लिए पार्टी की ओर से परिवहन व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। वहीं सहायकों और अंगरक्षकों को केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही साथ लाने का अनुरोध किया गया है.