युवक ने खुद की मोटरसाइकल में लगाई आग, पूरी तरह जलकर हुई खाक
अशोकनगर में घरेलू झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी नई मोटरसाइकल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। बाइक पूरी तरह जल गई, युवक मौके से फरार हो गया।
अशोकनगर में एक युवक ने स्वयं की मोटर साइकिल में आग लगा दी। जिससे मोटर साइकिल कुछ ही मिनटों में पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। युवक आग लगाकर मौके से भाग गया। उसके भाई ने बताया कि अक्सर वह ऐसी हरकतें करता है, इससे पहले एक बार युवक ने अपने कपड़ों में ही आग लगा ली थी। हालांकि इसकी कोई पुलिस थाने में शिकायत नहीं हुई है।
शराब की दुकान के पीछे रहने वाले राकेश प्रजापति ने बताया कि उसके छोटे भाई अंकित ने कुछ ही दिनों पहले एक टीवीएस स्पोर्ट्स मोटर साइकिल खरीदी थी। लेकिन जब उसका घर पर झगड़ा हुआ, तो उसने पेट्रोल निकालकर मोटर साइकिल पर छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया। आग लगाकर अंकित मौके से भाग निकला। राकेश ने आग को बुझाने की कोशिश की लेकिन एक तेज धमाके के साथ मोटर साइकिल की टंकी उखड़ गई और आग तेजी से फैल गई. जिससे मोटर साइकिल कुछ ही मिनटों में पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई।
DRASHTI JAIN 
