MP Weather Update: जनवरी के आखिरी हफ्ते में बारिश और ठंड का डबल असर, 8 जिलों में अलर्ट
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से मध्य प्रदेश के 8 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 25 जनवरी के बाद तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट से ठंड बढ़ने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में जनवरी का आखिरी सप्ताह सर्दी और बारिश के मिले-जुले असर के साथ गुजरने वाला है। मौसम विभाग भोपाल के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से अगले 24 घंटों में राज्य के कम से कम 8 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश या मावठे की संभावना जताई गई है।
सबसे ज्यादा असर ग्वालियर-चंबल अंचल में देखने को मिलेगा। ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में बारिश के आसार हैं। यह इस मौसम की पहली मावठे जैसी बारिश मानी जा रही है।
वहीं भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना लेकिन नमी भरा रहेगा। फिलहाल शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुबह और शाम ठंडी हवाएं व कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है।
बीते 24 घंटों में कटनी जिले के करोंदी क्षेत्र में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। उत्तरी भारत में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ेगी।
DRASHTI JAIN 
