बजट 2026: समाज के हर वर्ग ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया, भविष्य को दिशा देने वाला बताया
केंद्रीय बजट 2026 को सभी वर्गों ने दूरदर्शी, समावेशी और विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव रखने वाला बजट बताया, जो अर्थव्यवस्था, उद्योग और रोजगार को नई गति देगा।
इंदौर:केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में अपना 9 वां और मोदी सरकार का 15 वां पूर्ण बजट पेश किया। साल की शुरुआत में पेश किए गए इस बजट को देश की अर्थव्यवस्था के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। आज पेश बजट को समाज के हर वर्ग ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है और इसे भविष्य को दिशा देने वाला, दूरगामी बजट बताया जा रहा है।
मध्यम वर्ग, किसान और युवाओं को राहत देने वाला बजट
दरअसल बजट में मध्यम वर्ग को राहत देने के लिए आयकर प्रणाली को और सरल बनाने पर जोर दिया गया है। किसानों के लिए कृषि क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, सिंचाई परियोजनाओं और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने की घोषणा की गई है। युवाओं और रोजगार को ध्यान में रखते हुए स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप्स और स्वरोजगार योजनाओं के लिए अतिरिक्त प्रावधान किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा
महिला सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमिता और वित्तीय समावेशन पर विशेष फोकस रखा गया है। वहीं एमएसएमई और उद्योग जगत को मजबूती देने के लिए आसान ऋण, तकनीकी सहयोग और निवेश को प्रोत्साहन दिया गया है। बजट में बुनियादी ढांचे, सड़क, रेल, डिजिटल इंडिया और ग्रीन एनर्जी पर भी विशेष जोर दिया गया है। उद्योगपतियों और आर्थिक विशेषज्ञों ने इस बजट को भारत को मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने और भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देगा केंद्रीय बजट
इंदौर में केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रस्तुतीकरण को लाइव सुनने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को डेली कॉलेज परिसर स्थित बिज़नेस मैनेजमेंट सेंटर पहुंचे। यहां उन्होंने विषय विशेषज्ञों और अर्थशास्त्रियों के साथ बजट के मुख्य प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की।

बजट सुनने के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे विकसित भारत 2047 की दिशा में निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने वाला है तथा भारत की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास, शहरी आर्थिक क्षेत्रों में 5 साल में 5000 करोड़ रुपये निवेश, छोटे शहरों में तीर्थस्थल विकास, प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास और जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन जैसी घोषणाएं मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देंगी।
पीएम मित्र पार्क से टेक्सटाइल सेक्टर को बड़ी सौगात
उन्होंने वस्त्र उद्योग में बड़े सुधारों का स्वागत करते हुए कहा कि पीएम मित्र पार्क के माध्यम से राज्य को टेक्सटाइल सेक्टर में बड़ी सौगात मिली है, जिससे लाखों किसानों और युवाओं को लाभ होगा। डॉ. यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह बजट दूरदर्शी, समावेशी और सबका साथ-सबका विकास की भावना को आगे बढ़ाने वाला है, जिसकी सभी क्षेत्रों में सराहना हो रही है।

एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मप्र अध्यक्ष योगेश मेहता ने बताया कि आज का बजट विकसित भारत 2047 की नींव है।30 ट्रिलियन इकोनॉमिक की तरफ बढ़ने वाला भारत है। प्रोडक्शन मैन्युफैक्चरिंग पॉलिसी पर आज के बजट में जोर दिया है।आज का बजट दूरगामी बजट है। किसी प्रकार का कोई चुनावी बजट नहीं है इस बजट से देश आर्थिक मोर्चे पर एक बड़े युद्ध की तैयारी कर रहा है। यह बजट उद्योगों की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है।

पूर्व अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश प्रमोद डगरिया ने बताया कि यह लांग टर्म प्लानिंग वाला बजट है। यह जीरो परसेंट तुष्टिकरण वाला बजट हैं। किसी कास्ट क्रेडिट को खुश करने वाला बजट नहीं है। इंडस्ट्रियल ग्रोथ के लिए हजार करोड रुपए लगाए हैं।अगर इंडस्ट्री मजबूत होगी ओर देश मजबूत होगा।
sanjay patidar 
