5 February 2026: 21 मकानों पर चला बुलडोज़र, राम मंदिर में चोरी, हनी ट्रैप केस में खुलासा, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें

इंदौर नगर निगम ने 21 मकानों पर चलाया बुलडोज़र, राम मंदिर में 3 लाख की चोरी, वकील को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाली महिला गिरफ्तार

5 February 2026: 21 मकानों पर चला बुलडोज़र, राम मंदिर में चोरी, हनी ट्रैप केस में खुलासा, पढ़ें इंदौर की आज की खबरें
Indore News Today

नगर निगम की सबसे बड़ी कार्रवाई, रावजी बाजार में नालों पर बने 21 अवैध मकान ध्वस्त

इंदौर नगर निगम ने गुरुवार सुबह शहर की अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए रावजी बाजार इलाके में नाले पर बने 21 अवैध मकानों के हिस्सों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जोन-12 के अंतर्गत आने वाले वार्ड-61 स्थित अमला रावजी बाजार में की गई। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

नगर निगम की इस कार्रवाई में चार रिमूवल टीमें, तीन जेसीबी मशीनें और रावजी बाजार थाने का भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। बताया गया कि नाले पर कब्जा कर बनाए गए इन मकानों के कारण जल निकासी बाधित हो रही थी और बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनती थी।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन अतिक्रमणकारियों को एक माह पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। साथ ही इलाके में लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की जा रही थी। बावजूद इसके तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी लोगों ने कब्जा नहीं हटाया। इसके बाद नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने खुद मौके का निरीक्षण कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

जोन-12 के बिल्डिंग ऑफिसर वैभव देवलासे ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोग मौके पर पहुंचे और निगम से अतिरिक्त समय की मांग करने लगे। उन्होंने स्वयं अतिक्रमण हटाने की पेशकश भी की, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्याप्त समय पहले ही दिया जा चुका है, अब कोई मोहलत नहीं दी जाएगी।

इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ लोगों ने इसे जरूरी कदम बताया, तो वहीं प्रभावित परिवारों में नाराजगी भी देखी गई। निगम अधिकारियों का कहना है कि नालों पर अतिक्रमण शहर के लिए बड़ा खतरा है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रहेगी।

राम मंदिर में बड़ी चोरी, भगवान के आभूषण और दान पेटी से 3 लाख ले उड़े चोर

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित सिंहासा गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब राम मंदिर में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर भगवान के सोने-चांदी के आभूषण और दान पेटी में रखी करीब तीन लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली।

सुबह जब मंदिर के पुजारी नरेंद्र पाठक पूजा के लिए पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर देखने पर भगवान के आभूषण गायब मिले और दान पेटी भी टूटी हुई पाई गई। इसके बाद तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें संदिग्ध चोर बाइक से आते और जाते हुए नजर आए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुट गई है।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाने चाहिए।

पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

बाणगंगा में वकील को हनी ट्रैप में फंसाने वाली महिला गिरफ्तार, दो साथी फरार

इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में वकील को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके दो पुरुष साथी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, महिला पहले एक तलाक के मामले को लेकर वकील के पास पहुंची थी। धीरे-धीरे उसने बातचीत बढ़ाई और भरोसा जीतने के बाद निजी वीडियो बनाने के नाम पर वकील को फंसाने की साजिश रची। इसके बाद महिला ने अपने वर्तमान पति और उसके दोस्तों के साथ मिलकर वकील को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लाखों रुपये की मांग की।

पीड़ित वकील ने जब खुद को फंसा हुआ पाया तो बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला और उसके दो साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया।

डीसीपी राजेश व्यास ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह संगठित हनी ट्रैप गिरोह हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है।

दो करोड़ की एमडी ड्रग्स निकली यूरिया, 11 महीने जेल में रहे आरोपी बरी

इंदौर में एक साल पहले दो करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स जब्ती का दावा करने वाला मामला अब पुलिस की बड़ी लापरवाही का उदाहरण बन गया है। जांच के बाद जब्त की गई एमडी ड्रग्स यूरिया निकली, जिसके चलते सभी आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया।

यह मामला तेजाजी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने चेकिंग के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया था। आरोपियों ने करीब 11 महीने जेल में बिताए, वहीं एक आरक्षक को भी 15 दिन जेल जाना पड़ा।

जब जब्त पदार्थ की जांच भोपाल और हैदराबाद की सेंट्रल फोरेंसिक लैब में कराई गई, तो दोनों रिपोर्ट में एमडी ड्रग्स की जगह यूरिया पाया गया। इसके बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया।

वर्तमान डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने स्वीकार किया कि कार्रवाई के समय पुलिस के पास टेस्टिंग किट नहीं थी और खुशबू व स्वाद के आधार पर जब्ती की गई थी। इस बयान के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सीनियर सिटीजन स्कीम के नाम पर ठगी, बुजुर्ग महिला से 6 लाख की धोखाधड़ी

देश भर में यूं तो साइबर ठग हर दिन नई तकनीक ईजाद कर लोगों को ठगते आ रहे हैं। कभी वह हाउस रेस्ट करते हैं, कभी वह अन्य योजना के तहत आम इंसान को ठग लेते हैं। इंदौर में एक नए तरीक़े का फ्रॉड सामने आया है, जिसमें बुजुर्ग महिला को सीनियर सिटीज़न के नाम पर स्कीम का झांसा देकर apk फ़ाइल भेज कर लाखों रुपये ठग लिए।

पूरा मामला इंदौर के द्वारका पूरी थाना क्षेत्र का है। जहां एक सीनियर सिटीज़न महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसको 1 अज्ञात नंबर से फ़ोन आया। फ़ोन करने वाले ने इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताया और उसने बताया कि सीनियर सिटीज़न के तहत एक नई स्कीम आई है। जिसमें आपको कई लाभ मिलेंगे। पीड़िता ठग की बातों में आ गई और फिर भागने 1 apk फ़ाइल भेजी और जानकारी भरने को कहा उसके बाद महिला के अकाउंट से लाखों रुपए ग़ायब हो गए।

इस पूरे मामले में एडिशनल DCP राजेश व्यास ने बताया कि अपने आप में यह नया फ्रॉड करने का तरीक़ा सामने आया है। जिसमें बुजुर्ग महिला को स्कीम का झांसा देकर छह लाख रुपये ठग लिए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में मुक़दमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। 

धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, इंदौर में युवक गिरफ्तार

इंदौर की हीरानगर पुलिस ने बुधवार देर रात धर्म परिवर्तन के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर की है। पीड़िता हिंदू जागरण मंच के लोगों से मिली थी। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर मामले में आरोपी पर एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक 33 साल की महिला की शिकायत पर उसके दोस्त यश चौहान उर्फ मोहम्मद यासीन के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर की है।

पीड़िता ने बताया कि 2020 में वह पाटनीपुरा में काॅस्मेटिक्स की दुकान पर आती-जाती थी। इस दौरान सिटी वैन का इस्तेमाल करती थी। यश गाड़ी चलाता था। उससे यहीं पहचान हुई। यश को उसके नाम से ही जानती थी। दोनों में अच्छी बातचीत होती थी। एक दिन यश अपने साथ युवती को मूसाखेड़ी इलाके में अपने कमरे पर ले गया। उसे कहां कि वह पसंद करता है। शादी करना चाहता है। यहां दोनों के बीच में संबंध बन गए।

कुछ दिन बाद पता चला कि वह गर्भवती है। यह बात उसने यश को बताई। यश ने कहा कि शादी के लिए वह उसे लेकर कन्नोद गया। यहां उसके परिवार से मिली तो पता चला कि वह मुस्लिम है। उसका नाम मोहम्मद जीशान है उससे शादी की बात से इंकार कर दिया। उसने यहां धमकी दी कि अगर उसकी बात नही मानी तो पेट में जो बच्चा है उसे मार देगा। बाद में पीड़िता को लेकर मूसाखेडी इंदौर आ गया। अप्रैल 2021 में एक निजी अस्पताल में बेटे को जन्म दिया। यश ने कहां कि वह बेटे को एक ही शर्त पर अपनाएगा कि उसे धर्म बदलना पड़ेगा। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।