मुख्यमंत्री ने माखन नगर से लाड़ली बहनों को भेजी 32वीं किश्त,नर्मदापुरम में कई विकास कार्यों की घोषणा
माखन नगर सम्मेलन से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना की 32वीं किश्त के तहत 1.25 करोड़ बहनों को 1836 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए और साथ ही क्षेत्र के लिए विकास व सिंचाई कार्यों की घोषणा की।
नर्मदापुरम:माखन नगर में आयोजित सम्मेलन से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में 1500 रुपये की 32वीं किश्त ट्रांसफर की। शुक्रवार 16 जनवरी 2026 को शाम 4:48 बजे प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों को इसका लाभ मिला। इस किश्त में करीब 1836 करोड़ रुपये की राशि सीधे खातों में भेजी गई। इसके साथ ही 29 लाख बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने 206 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया।
हजारों हेक्टेयर में सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा भी की। उन्होंने पिपरिया–नर्मदापुरम–बनखेड़ी फोर लेन सड़क निर्माण, 42 हजार हेक्टेयर की बागरा–साखा–होज सिंचाई परियोजना, सुहागपुर क्षेत्र में 30 गांवों के लिए 128 करोड़ 71 लाख रुपये की सिंचाई योजना और मरोड़ा से माखन नगर तक 122 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण की घोषणा की।
लाड़ली बहना योजना से बढ़ी आर्थिक मदद
गौरतलब है कि लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में की गई थी। योजना के तहत नवंबर 2025 से राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई, जिसके बाद अब बहनों को 1500 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं। जून 2023 से दिसंबर 2025 तक 48 हजार 632 करोड़ 70 लाख रुपये बहनों के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं, जबकि जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 के बीच 38 हजार 635 करोड़ 89 लाख रुपये का अंतरण किया गया।

