भोपाल : मिसरोद पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 15 लाख की ज्वेलरी और सामान बरामद
भोपाल में मिसरोद थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से लगभग 15 लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया गया।
भोपाल। थाना मिसरोद पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले एक गिरोह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरोह के तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं। उनसे चोरी की गई लगभग 15 लाख रुपये की ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया गया है।
थाना मिसरोद क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त नगरीय पुलिस भोपाल हरिनारायणाचारी मिश्र और अति. पुलिस आयुक्त अवधेश गोस्वामी के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त जोन-2 डॉ. विवेक सिंह, अति पुलिस उपायुक्त जोन-2 गौतम सोलंकी और सहायक पुलिस आयुक्त मिसरोद रजनीश कश्यप कौल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मिसरोद निरीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छानबीन कर आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की।
घर का ताला टूटा और दरवाजा खुला था
3 जानवरी 2026 को फरियादी स्वावलम्बन पाठक ने रिपोर्ट दी कि वह रात 9 बजे नागपुर से अपने घर आया। घर का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला था। अलमारी में रखे सामान बिखरे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि सोने की अंगूठी, सोने की चेन, चांदी की पायल, चांदी की चेन, सोने की 4 चूड़ियां, सोने का पेंडल वाला मंगलसूत्र, रियल मी और वीवो कंपनी के मोबाइल, वेब कैमरा, हेडफोन, ऑफिस का सीपीयू, हार्ड टोकन और नगदी 700 रुपये चोरी हो गए थे। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 11/25 धारा 331(4), 305(ए) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश के लिए टीम बनाई और थाने के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम को बंगरसिया भेजा गया। वहां तीन संदेही, जो हाल ही में जेल से छूटे थे और सोने-चांदी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहे थे, पाए गए। पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपियों के पास चोरी का सारा सामान बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी
- आकाश कुमरे उर्फ कोबरा, 22 वर्ष, निवासी ग्राम मुरारी चोपड़ा, थाना ओबेदुल्लागंज, रायसेन।
- गोलू उर्फ फूलसिंह, 24 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 16, राजस्थानी मोहल्ला, सतलापुर, रायसेन।
- सचिन पटवा उर्फ सच्चू उर्फ रावण, 22 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 10, मंडीदीप, रायसेन।
इन आरोपियों के खिलाफ थाना मिसरोद, ओबेदुल्लागंज, सतलापुर और मंडीदीप में पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
आरोपियों से बरामद सामान की सूची :
- सोने की अंगूठी
- चांदी की पायल
- सोने की 4 चूड़ियां
- सोने का मंगलसूत्र
- रियल मी और वीवो कंपनी के मोबाइल
- वेब कैमरा
- हेडफोन
थाना प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में उनि सूर्यनाथ यादव, सउनि आमोद शर्मा, प्रआर. रंजीत सिंह परिहार, प्रआर. प्रदीप मिश्रा, आरक्षक प्रवीण यादव, आरक्षक विवेक राजपूत और आरक्षक रजनीश सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और मेहनत से ही यह गिरोह पकड़ा जा सका।
Varsha Shrivastava 
