मऊगंज में पहुंचे जंगली हाथी, हनुमना क्षेत्र में दहशत
मऊगंज जिले के हनुमना क्षेत्र में पहली बार जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ड्रोन और पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी कर रहा है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मऊगंज जिले के हनुमना नगर परिषद क्षेत्र में पहली बार जंगली हाथियों की मूवमेंट दर्ज की गई है। सीधी जिले से आते हुए हाथियों का झुंड सगरा खुर्द तक पहुंच गया है। हाथियों के आने से गांव वालों में डर और चिंता का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से सीधी जिले में घूम रहा हाथियों का समूह अब मऊगंज जिले की सीमा में प्रवेश कर चुका है। बहेरा डाबर, बलभद्र गढ़ और उकसा गांव से होते हुए एक नर और एक मादा हाथी हनुमना के सगरा खुर्द इलाके तक पहुंच गए। इस क्षेत्र में पहले कभी जंगली हाथी नहीं देखे गए थे, इसलिए लोग घबराए हुए हैं।

हनुमना वन परिक्षेत्र के रेंजर नयन तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों पर नजर रख रही हैं। ड्रोन और पेट्रोलिंग की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की जा रही है। सुरक्षा के लिए कुछ इलाकों की बिजली सप्लाई भी बंद की गई है और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोई भी हाथियों के पास न जाए, सेल्फी न ले और उन्हें उकसाने की कोशिश न करे। अगर हाथी आबादी के पास दिखें तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। विभाग हाथियों को सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाके से दूर ले जाने की कोशिश कर रहा है।
हाथियों की आवाजाही से गांवों में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग अपनी और अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग अलर्ट पर है और लगातार निगरानी कर रहा है।

