मऊगंज प्रीमियर लीग: पांडेय क्लब पैपखार बनी विजेता
मऊगंज प्रीमियर लीग में पांडेय क्लब पैपखार ने फाइनल मुकाबले में 6 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि आईजी गौरव राजपूत ने खिलाड़ियों को "दिल से खेलो और जोर से खेलो" की सलाह देते हुए उत्साहवर्धन किया।
मऊगंज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित परेड ग्राउंड में खेली गई स्वर्गीय सुरेंद्र नाथ पांडेय स्मृति मऊगंज प्रीमियर लीग (एमपीएल ट्रॉफी) का भव्य समापन हुआ। खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में पांडेय क्लब पैपखार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 51 हजार नकद व आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतर खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता समापन समारोह के मुख्य अतिथि रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव सिंह राजपूत मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों के साथ कुछ पल बिताए और बल्लेबाजी करते हुए शानदार शॉट भी लगाए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, "दिल से खेलो और जोर से खेलो।" आईजी श्री राजपूत ने कहा कि खेल से समाज में एकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है।

खेले गए फाइनल मुकाबले में स्वर्गीय रामदरश त्रिपाठी फैंस क्लब मऊगंज की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 13.5 ओवर में 99 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जवाब में पांडेय क्लब पैपखार ने 12.2 ओवर में 100 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से सानू परिहार ने 51 रन की दमदार पारी खेली, जबकि विकास तिवारी ने 24 रन बनाकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आयोजित जिला स्तरीय टूर्नामेंट 14 फरवरी से प्रारंभ हुआ एवं 27 फरवरी को फाइनल मुकाबला खेला गया। आयोजित 14 दिवसीय टूर्नामेंट में जिले की 32 टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का आयोजन युवा समाजसेवी भाजपा नेता पंकज पांडेय द्वारा क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से किया गया। बता दें कि युवा समाजसेवी पंकज पांडेय खेल प्रतिभाओं को मंच देने एवं उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए कबड्डी, क्रिकेट सहित अन्य पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करते आए हैं।
क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह के अवसर पर मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह परिहार व एसडीओपी सचि पाठक सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

