मऊगंज में शुरू हुआ जल सुरक्षा महाअभियान वर्षा बाद संक्रमण पर प्रहार
मऊगंज में शुरू हुआ जल सुरक्षा महाअभियान वर्षा बाद संक्रमण पर प्रहार, नईगढ़ी हनुमना में हर हैंडपंप पर जर्मेंक्स कवच कलेक्टर के एक्शन से गांवों में शुद्ध पानी की गारंटी, पीएचई टीम दे रही सुरक्षा का मंत्र
राजेंद्र पयासी मऊगंज: कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर जिले में जल सुरक्षा अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। वर्षा ऋतु के बाद पेयजल स्रोतों में संक्रमण के खतरे को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा नईगढ़ी और हनुमना विकासखंड में महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभागीय टीम गांव-गांव पहुंचकर सार्वजनिक हैंडपंपों, कुओं और अन्य पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन कर रही है। निर्धारित मात्रा में 'जर्मेक्स' दवा डालकर पानी को कीटाणु-मुक्त किया जा रहा है। साथ ही स्रोतों के आसपास स्वच्छता, जल निकासी और प्रदूषण की जांच भी की जा रही है। खराब पड़े हैंडपंपों को मौके पर ही दुरुस्त किया जा रहा है।

विभाग का फोकस सिर्फ उपचार पर नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी है। टीम ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के मंत्र दे रही है। लोगों से कहा गया है कि केवल उपचारित स्रोत का ही पानी पिएं और पीने से पहले पानी को 10-15 मिनट उबालकर, छानकर और ठंडा करके ही उपयोग करें। हैंडपंप के पास कपड़े धोने, नहाने और मवेशियों को नहलाने से मना किया गया है। पानी के रंग, स्वाद या गंध में बदलाव दिखने पर सेवन न करने और तुरंत विभाग को सूचना देने को कहा गया है। घर में पानी को ढक्कनदार साफ बर्तन में रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अपील की है कि नागरिक विभाग का सहयोग करें और सुरक्षित जल का ही उपयोग करें।


