Rewa News : थाना प्रभारी ने भाजपा नेता से की अभद्रता, सैकड़ों व्यापारी IG कार्यालय पहुंचे; जांच के निर्देश

Rewa Corex Case News : इस मामले में आईजी गौरव राजपूत ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी को सौंपी है। इसके अलावा अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

Rewa News : थाना प्रभारी ने भाजपा नेता से की अभद्रता, सैकड़ों व्यापारी IG कार्यालय पहुंचे; जांच के निर्देश

Rewa Corex Case News : मध्य प्रदेश। रीवा में कोरेक्स बरामदगी के एक मामले को लेकर विवाद बढ़ गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गंगा वाटिका के पास आइसक्रीम का ठेला लगाने वाले युवक पंकज साहू को 11 सीसी कोरेक्स के साथ गिरफ्तार किया था। युवक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उसे फंसाने का आरोप लगाया। परिजन इसी शिकायत को लेकर थाने पहुंचे थे। उनके साथ युवा व्यापारी वैश्य समाज के जिला अध्यक्ष और भाजपा नेता बंसी साहू भी पहुंचे थे। उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि युवक निर्दोष है तो उसे राहत मिलनी चाहिए।

आवेदन देने पहुंचे भाजपा नेता से विवाद

परिजनों के साथ बंसी साहू भी सिविल लाइन थाने पहुंचे थे। वे आरोपी युवक को निर्दोष बताते हुए पुलिस कार्रवाई की जांच की मांग वाला आवेदन देना चाहते थे। आरोप है कि थाना प्रभारी विजय सिंह उस समय थाने में मौजूद नहीं थे और किसी ने उनका आवेदन नहीं लिया।

 

इसके बाद बंसी साहू और युवक के परिजन थाने के बाहर बैठ गए। कुछ देर बाद धरने की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने बंसी साहू के सिर पर थप्पड़ मारा और उनके साथ अभद्रता की।

FIR दर्ज करने की भी दी धमकी

बंसी साहू के मुताबिक, थाना प्रभारी ने उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें एफआईआर दर्ज करने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद थाने के बाहर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ।

घटना से नाराज व्यापारी संगठनों और विभिन्न सामाजिक समूहों के लोगों ने मामले को गंभीरता से उठाने का फैसला किया। मंगलवार को बड़ी संख्या में व्यापारी और सर्व समाज के लोग आईजी कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

बंसी साहू ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

भाजपा नेता बंसी साहू का कहना है कि कोरेक्स के मामले में गिरफ्तार युवक बेकसूर है। उनके अनुसार युवक का आइसक्रीम ठेला सार्वजनिक स्थान पर खड़ा रहता है। आरोप है कि सुबह जब वह ठेला खोलने पहुंचा, तब पुलिस ने ठेले के ऊपर से कोरेक्स बरामद की। 

बंसी साहू ने इस कार्रवाई को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद यदि युवक निर्दोष पाया जाता है तो उसे रिहा किया जाए और वास्तविक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई हो।

व्यापारियों ने IG से की कार्रवाई की मांग

घटना के विरोध में सैकड़ों व्यापारी और सर्व समाज के लोग आईजी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी के कथित व्यवहार की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचे जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कोरेक्स मामले की जांच भी निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग रखी, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

IG ने SP को सौंपी मामले की जांच

मामले में आईजी गौरव राजपूत ने जांच के निर्देश दिए हैं। आईजी ने पूरे प्रकरण की जांच एसपी को सौंपी है। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों के संपूर्ण कृत्य की जांच सीएसपी को सौंपी गई है। अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस और भाजपा नेता की ओर से लगाए गए आरोपों की आधिकारिक जांच जारी है।