रीवा और सतना में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पकड़े गए अधिकारी
लोकायुक्त रीवा की टीम ने रीवा में एक पटवारी और सतना में नायब तहसीलदार व चौकीदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।
लोकायुक्त रीवा की टीम ने साल के आखिरी महीने में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जिलों में रिश्वतखोरों को पकड़ा है। रीवा जिले में एक पटवारी और सतना जिले में एक नायब तहसीलदार व चौकीदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
रीवा जिले के मनिकवार इलाके में देवरा फरेंदा हल्का पटवारी अच्छेलाल साकेत किसानों से नामांतरण के बदले पैसे मांग रहा था। उसने कुल 10 हजार रुपये मांगे थे। फरियादी से दूसरी किस्त के 5 हजार रुपये लेते समय लोकायुक्त की टीम ने उसे पकड़ लिया। इस मामले की शिकायत विपिन सोधिया ने लोकायुक्त से की थी।
दूसरी कार्रवाई सतना जिले के रामपुर बघेलान तहसील में हुई। यहां नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह जायसूर और चौकीदार प्रेमलाल द्विवेदी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। इसकी शिकायत आशुतोष सिंह ने लोकायुक्त कार्यालय में की थी।
दोनों मामलों में लोकायुक्त ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज कर लिया है।
Saba Rasool 
