MP में खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती, SI और आरक्षक के 60 पदों पर मिलेगा मौका
मध्यप्रदेश पुलिस पुलिस भर्ती 2026: खेल कोटे से इंटरनेशनल और नेशनल खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर
मध्यप्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर प्रदान किया है। पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती के नियमों में संशोधन किया गया है। इसके तहत उप निरीक्षक (SI) के 10 और आरक्षक के 50 पदों पर खेल कोटे के तहत सीधी नियुक्ति की जाएगी। साल 2021 के बाद यह प्रक्रिया एक बार फिर शुरू की जा रही है। सरकार का कहना है कि नए नियमों के तहत चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है। अब यह भर्ती हर साल नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
SI के लिए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्राथमिकता...
संशोधित नियमों के अनुसार उप निरीक्षक (SI) पद पर केवल वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या पदक जीता हो। इसमें ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, विश्व कप और विश्व चैंपियनशिप जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही इन प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले खिलाड़ी भी पात्र माने जाएंगे।
आरक्षक भर्ती के लिए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी पात्र...
आरक्षक (Constable) पद के लिए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे। इसमें राष्ट्रीय खेलों और अधिकृत राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ी शामिल हैं। स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को इस भर्ती में मौका मिलेगा।
सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना और उन्हें सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करना है। खास बात यह है कि जो खिलाड़ी SI पद की पात्रता पूरी करते हैं, वे आरक्षक पद के लिए स्वतः ही योग्य माने जाएंगे। इस नई व्यवस्था से राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उनके खेल प्रदर्शन के आधार पर स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा।
Varsha Shrivastava 
