Mauganj में पागल कुत्ते का आतंक, दो घंटे में 16 लोगों को काटा; गांव में दहशत

मऊगंज के दो गांवों में खूंखार कुत्ते का कहर, बच्चों समेत 16 लोग घायल

Mauganj में पागल कुत्ते का आतंक, दो घंटे में 16 लोगों को काटा; गांव में दहशत

मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।

मऊगंज जिला अंतर्गत आने वाले शाहपुर थाना क्षेत्र के अतरैला महौता और सेमरिहा गांव में एक पागल कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि पूरा इलाका सहम गया। महज 2 घंटे के अंदर कुत्ते ने रास्ते में जो भी सामने आया, उस पर हमला कर करीब 16 लोगों को लहूलुहान कर दिया। अचानक हुए हमलों से गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकले, तो कई ने बच्चों को घरों में बंद कर दिया।

घायलों में अतरैला निवासी रामपति सिंह (66) और महौता निवासी 8 वर्षीय लक्ष्मी विश्वकर्मा को सुबह करीब 10 बजे सिविल अस्पताल मऊगंज लाया गया। वहीं, सेमरिहा निवासी 7 वर्षीय अंशिका तिवारी और 65 वर्षीय कमला देवी त्रिपाठी समेत अन्य घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी रामपती सिंह ने बताया कि कुत्ता जिस गली से गुजरा, वहां चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित करने और सभी घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की है। गांव में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है।