IPL 2026: राजस्थान के बाद अब LSG पर सवाल, डगआउट में फोन इस्तेमाल का वीडियो वायरल
IPL 2026 में CSK vs LSG मैच के दौरान फोन इस्तेमाल का वीडियो वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर पर भी BCCI कार्रवाई कर चुका है.
क्रिकेट मैच के दौरान डगआउट में फोन के इस्तेमाल पर बैन होता है. गुवाहाटी में आरसीबी के खिलाफ मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर भिंडर को डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने के आरोप में उन्हें नोटिस जारी किया गया था.
IPL 2026 में एक के बाद एक विवाद होता नजर आ रहा है. पहले रियान पराग वेपिंग करते पकड़ गए. वहीं, इसी टीम के रोमी भिंडर को डगआउट में अब फोन का इस्तेमाल करते हुए देखा गया है. जिसके लिए उन्हें सजा भी मिली. लेकिन, शायद BCCI के एक्शन से बाकी टीमों ने कुछ नहीं सीखा है. राजस्थान रॉयल्स के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स भी इसी तरह की मुश्किल में पड़ते हुए नजर आ रहा है.
LSG कैंप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
10 मई को खेले गए चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के मुकाबले के दौरान एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. मैच में लखनऊ की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी और शुरुआती ओवर में जोश इंग्लिस आक्रामक बल्लेबाजी करते दिखे. इसी दौरान कैमरा LSG कैंप की ओर गया, जहां कुछ लोग तालियां बजाते नजर आए.
हालांकि, वीडियो में एक शख्स मोबाइल फोन पर बात करता दिखाई दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया. फैंस ने सवाल उठाए कि क्या IPL के नियमों का उल्लंघन हुआ है.
फिलहाल, इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. यह भी साफ नहीं हो पाया है कि वीडियो डगआउट का था, ड्रेसिंग रूम का या फिर स्टेडियम के किसी VIP एरिया का. वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान और टीम से उनके संबंध को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
रोमी भिंडर पर पहले हो चुकी है कार्रवाई
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर पर डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने के आरोप लगे थे. गुवाहाटी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले के दौरान उन्हें फोन इस्तेमाल करते देखा गया था.
इसके बाद BCCI की एंटी-करप्शन एंड सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने मामले का संज्ञान लिया और रोमी भिंडर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. उनसे 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया था.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय रोमी भिंडर की तबीयत खराब थी, जिसकी वजह से उन्होंने फोन का इस्तेमाल किया था. बावजूद इसके, BCCI ने इसे प्रोटोकॉल का उल्लंघन मानते हुए उन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. हालांकि, उन्हें किसी तरह के बैन का सामना नहीं करना पड़ा.
क्या कहते हैं IPL के नियम?
IPL के नियमों के अनुसार, टीम मैनेजमेंट फोन का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन PMOA (Players and Match Officials Area) यानी डगआउट में मोबाइल फोन ले जाना या इस्तेमाल करना प्रतिबंधित है. फोन का उपयोग केवल ड्रेसिंग रूम के अंदर ही किया जा सकता है.
इसी नियम के चलते डगआउट में फोन इस्तेमाल को गंभीर प्रोटोकॉल उल्लंघन माना जाता है. अब देखना होगा कि LSG से जुड़े वायरल वीडियो पर BCCI या ACSU कोई आधिकारिक कदम उठाती है या नहीं.
shivendra 
