सोमनाथ के दर पर पहुंचे कलेक्टर- SP : देवतालाब शिव मंदिर में टेका माथा, दर्शन व्यवस्था और सुरक्षा का किया निरीक्षण
कलेक्टर राजेश ओगरे ने दिए निर्देश - श्रद्धालुओं को नहीं होनी चाहिए कोई परेशानी, पेयजल, सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था रहे दुरुस्त
मऊगंज ,जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र देवतालाब शिव मंदिर प्रशासन के मुखिया पहुंचे। कलेक्टर राजेश कुमार ओगरे (Collector Rajesh Kumar Ogre) एवं पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने प्रशासनिक दौरे के दौरान मंदिर पहुंचकर भगवान सोमनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के पश्चात कलेक्टर ने पूरे मंदिर परिसर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने गर्भगृह से लेकर परिक्रमा पथ, प्रसाद वितरण स्थल, पार्किंग एरिया और श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था तक का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद पुजारियों और श्रद्धालुओं से भी संवाद कर व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि देवतालाब शिव मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए उनकी सुविधा और सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा - मंदिर परिसर में स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे।
भीड़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती और सीसीटीवी की निगरानी रहे। मंदिर मार्ग पर सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो, ताकि श्रद्धालुओं को जाम का सामना न करना पड़े। सभी व्यवस्थाओं पर एसडीएम सतत निगरानी रखें और कोई भी कमी दिखने पर तत्काल कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने कहा कि दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित रूप से पूरी की जाएं। एसपी मनोहर सिंह मंडलोई (SP Manohar Singh Mandloi) ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम, तहसीलदार, मंदिर समिति के सदस्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



