GMH में महिला ने एक साथ तीन बच्चों को दिया जन्म, मां की हालत गंभीर
गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा में एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया, तीनों कम वजन के हैं और NICU में भर्ती है।
रीवा के गांधी स्मारक चिकित्सालय में शुक्रवार को एक महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया। तीनों नवजात बच्चों को कम वजन होने की वजह से खास देखभाल में रखा गया है, जबकि मां की हालत नाजुक बनी हुई है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि सिंगरौली जिले के बैढन निवासी महिला को डिलेवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर पहले एक बच्चे की नॉर्मल डिलीवरी हुई, इसके बाद दो अन्य बच्चों को ऑपरेशन के जरिए जन्म दिलाया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक तीनों बच्चों का वजन सामान्य से कम है। दो बच्चों का वजन करीब एक-एक किलो है, जबकि तीसरे बच्चे का वजन करीब 600 ग्राम है। सभी नवजातों को नवजात गहन देखभाल इकाई (NICU) में रखा गया है।
बाल रोग विभाग के प्रमुख डॉ. नरेश बजाज ने बताया कि आजकल IVF से प्रेगनेंट होने वाली औरतों में एक से ज्यादा बच्चों के जन्म के मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि सामान्य गर्भ में तीन बच्चों का जन्म बहुत ही कम मामलों में होता है।
डॉक्टरों की टीम मां और तीनों बच्चों की लगातार निगरानी कर रही है।
Saba Rasool 
