भोपाल रेल मंडल की बैठक में सांसदों ने रखीं मांगें: इटारसी, बीना, छनेरा समेत कई स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव के सुझाव

भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना ट्रेन चलाने की मांग, ग्वालियर-इंदौर वंदे भारत और नई रेल सेवाओं के भी सुझाव; भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों के साथ महाप्रबंधक की बैठक में सांसदों ने दिए नई ट्रेनों, ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास से लेकर रेल अधोसंरचना के विकास तक सुझाव

भोपाल रेल मंडल की बैठक में सांसदों ने रखीं मांगें: इटारसी, बीना, छनेरा समेत कई स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव के सुझाव

भोपाल। पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के साथ भोपाल रेल मंडल क्षेत्र के सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार, 4 नवंबर 2026 को आयोजित की गई। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, रेलमार्गों के निर्माण और रेल सुरक्षा सहित अधोसंरचना विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके, राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, होशंगाबाद (नर्मदापुरम) सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह और भोपाल सांसद आलोक शर्मा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अन्य सांसदों ने भी अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने सभी सांसदों का स्वागत किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना और भोपाल-रामगंजमंडी नई रेल लाइन सहित विभिन्न रेल विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से भोपाल मंडल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।

इटारसी और बानापुरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग

होशंगाबाद (नर्मदापुरम) सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सीएसएमटी राजधानी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हरिद्वार एक्सप्रेस और इंदौर-नागपुर त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का इटारसी स्टेशन पर ठहराव देने का सुझाव दिया।

इसके अलावा बनारस-हड़पसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, सूरत-थावे जंक्शन ताप्ती गंगा एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस के ठहराव से जुड़े सुझाव भी रखे। उन्होंने बानापुरा स्टेशन पर कुशीनगर एक्सप्रेस का ठहराव देने की मांग की। साथ ही इटारसी और पोवारखेड़ा स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम जल्द पूरा कराने और अन्य यात्री सुविधाओं के विस्तार का सुझाव दिया।

राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कामायनी एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस और तुलसी एक्सप्रेस का बानापुरा स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की। उन्होंने नागपुर-भुसावल सुपरफास्ट पैसेंजर और जनता एक्सप्रेस को दोबारा शुरू करने का सुझाव भी दिया।

बीना जंक्शन के विकास और नई रेल लाइन का सुझाव

सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सिरोंज-शमशाबाद-लटेरी-कुरवाई नई रेल लाइन का सर्वे कराने और उसे स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने बीना जंक्शन का तेजी से विकास एवं आधुनिकीकरण करने, मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन का विकास करने और वहां महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव देने का सुझाव दिया। इसके अलावा बीना स्टेशन पर प्रमुख और प्रीमियम ट्रेनों के ठहराव तथा सागर से पुणे, बेंगलुरु और अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग भी रखी।

राजगढ़ सांसद रोडमल नागर ने रामगंजमंडी-भोपाल रेल लाइन का निर्माण तय समय-सीमा में पूरा कराने, अमृत भारत योजना के तहत ब्यावरा रेलवे स्टेशन को जंक्शन के रूप में विकसित करने और चांचौड़ा-बीनागंज स्टेशन पर इंदौर-ऊना हिमाचल एक्सप्रेस (19307/19308) का ठहराव देने का सुझाव दिया।

ग्वालियर से इंदौर के लिए वंदे भारत चलाने की मांग

ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने दिल्ली से इंदौर के बीच ग्वालियर, गुना और उज्जैन होते हुए वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का सुझाव दिया। इसके साथ ही ग्वालियर से गुना के बीच मेमू ट्रेन शुरू करने और योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस का मोहना स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की।

भोपाल सांसद आलोक शर्मा के प्रतिनिधि ने भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस को रानी कमलापति स्टेशन से चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस का इटारसी तक विस्तार करने और रानी कमलापति स्टेशन से सीहोर के लिए मेमू ट्रेन शुरू करने की मांग भी रखी।

छनेरा और हरदा स्टेशन पर ठहराव के सुझाव

देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने ट्रेन संख्या 09465/09466 और 19053/19054 का शाजापुर स्टेशन पर ठहराव देने की मांग की। इसके अलावा सिरोलिया रेलवे स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन संख्या 19342 और 19343 का ठहराव देने तथा गेट क्रमांक 174 कांजा पर रोड ओवरब्रिज बनाने का सुझाव दिया।

केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने छनेरा रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। इनमें तुलसी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस एक्सप्रेस, उधना-दानापुर एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-आगरा कैंट एक्सप्रेस, साईनगर शिरडी-कालका एक्सप्रेस, पुणे-दरभंगा एक्सप्रेस और पंजाब मेल शामिल हैं। उन्होंने भुसावल-नागपुर मेमू ट्रेन का दोबारा संचालन शुरू करने और हरदा स्टेशन पर विभिन्न एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने का सुझाव भी दिया।

भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना सीधी ट्रेन की मांग

राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल जंक्शन या रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने का सुझाव दिया। उन्होंने डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस का मंडी बामोरा स्टेशन पर ठहराव देने और भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी एक्सप्रेस को भी मंडी बामोरा में रोकने की मांग की। इसके साथ ही मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन पर प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का सुझाव दिया।

महाप्रबंधक ने दिया आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन

बैठक में सांसदों की ओर से प्रस्तुत सुझावों पर महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने यात्री सुविधाओं के विकास, रेल सेवाओं में सुधार और क्षेत्रीय रेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और सांसदों के सुझावों पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

बैठक में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार, मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक राजेश मंडल, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया सहित मुख्यालय और भोपाल मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन उप महाप्रबंधक (सामान्य) मनीष कुमार पटेल ने किया।