CG Road Accident : रोड एक्सीडेंट में 9 लोगों ने गंवाई जान, नाराज ग्रामीणों ने JCB से की हाईवे खोदने की कोशिश
CG Road Accident : कांकेर में सड़क पार कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। वहीं जशपुर में बस की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
CG Road Accident : रायपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई। बुधवार सुबह रायगढ़ में बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में दो लड़कों की मौत हो गई। वहीं बाइक की टक्कर से एक बुजुर्ग की जान चली गई। सरगुजा में दशहरा की रात दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हुई। इनमें मेला देखकर लौट रहे दो नाबालिग भी शामिल हैं। कांकेर में सड़क पार कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। जशपुर में बस की टक्कर से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। दोनों जगहों पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।
रायगढ़ में दो हादसों में तीन मौतें
रायगढ़ के छाल थाना क्षेत्र में अस्पतालपारा के पास तेज रफ्तार बाइक खड़ी ट्रक से जा टकराई। बेहरामार के कृष्णा राठिया उम्र 15, बांसाझर के जितेंद्र राठिया उम्र 22, धर्मेंद्र राठिया और कुंदन राठिया एक ही बाइक पर मेला देखने जा रहे थे। हादसे में कृष्णा और जितेंद्र की मौके पर मौत हो गई। धर्मेंद्र और कुंदन गंभीर घायल हो गए। उन्हें रायपुर रेफर किया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। दूसरी घटना में चंद्रदेव सिंह ठाकुर उम्र 65 परिवार के साथ पैदल मेला देखने जा रहे थे। छाल चौक के पास पीछे से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। सिर पर चोट लगने से उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया।
सरगुजा में दो हादसों में तीन मौतें
सरगुजा के सीतापुर थाना क्षेत्र में एनएच-43 पर बाइक सवार दो नाबालिगों को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। ग्राम सोनतराई के पवन मांझी उम्र 16 और सूर्यकांत पैकरा उम्र 15 दशहरा कार्यक्रम देखकर लौट रहे थे। कारबेल बिजली टावर के सामने सरिया लोड ट्रेलर की टक्कर से दोनों की मौके पर मौत हो गई। ड्राइवर भाग निकला।
पुलिस ने पंचनामा कर शव पीएम के लिए भेजे। आरोपी की तलाश जारी है। दूसरी घटना में ग्राम रिखी के राजाराम उम्र 22 और परसादी दास उम्र 29 की बाइक का हैंडल दूसरी बाइक से टकराया। बाइक बेकाबू होकर पेड़ के ठूंठ से जा टकराई। परसादी दास की मौके पर मौत हो गई। राजाराम घायल हैं। उदयपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया।
कांकेर में दो युवकों की मौत के बाद चक्काजाम
कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नांदनमारा बाईपास क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे दो युवकों को टक्कर मार दी। ग्राम नांदनमारा के ऋषि कोर्राम उम्र 21 और नवीन कुमार यादव उम्र 18 की मौके पर मौत हो गई। कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। उन्होंने ओवरब्रिज बनाने, सीसीटीवी लगाने और हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जेसीबी से हाईवे खोदने का प्रयास भी किया गया।
जशपुर में बस की टक्कर से ग्रामीण की मौत
जशपुर के नारायणपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार ग्रामीण को टक्कर मार दी। ग्राम ढोण्डराही के सुखसागर राम उम्र 36 की मौके पर मौत हो गई। वह बाइक से रनपुर जा रहे थे। अंबिकापुर से कुनकुरी जा रही बस ने टक्कर मार दी। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आवागमन प्रभावित हो गया। नारायणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया। जांच जारी है।

