भोपाल में पुलिस ने गांजे की बड़ी खेप पकड़ी: 3 तस्कर गिरफ्तार; रायपुर से लाते थे नशे का सामान
भोपाल में गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा, गौतम नगर थाना पुलिस की कार्रवाई; 4 किलो गांजा और 41 हजार रुपए जब्त; 3 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गौतम नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के रास्ते गांजा भोपाल लाते थे और शहर में पुड़िया बनाकर बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।
घर के सामने बेच रहा था गांजा
पुलिस की पहली कार्रवाई नारियलखेड़ा स्थित नगर निगम कॉलोनी में हुई। यहां घर के सामने गांजे की पुड़िया बेच रहे 55 वर्षीय मनोज संकत को पकड़ा गया। आरोपी के कमरे की तलाशी लेने पर पुलिस को 1 किलो 800 ग्राम गांजा और चार पुड़ियां मिलीं। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
स्कूटी से गांजा ले जा रहे 2 युवक पकड़े
दूसरी कार्रवाई न्यू आरिफ नगर बस स्टैंड के पास की गई। यहां स्कूटी से गांजा लेकर जा रहे दो युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। इनकी पहचान शिवा उर्फ शिवांशु संकत और शिवम महेश्कर के रूप में हुई है। तलाशी में दोनों के पास से 1 किलो 903 ग्राम गांजा और 41 हजार रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी जब्त कर ली।
रायपुर से भोपाल तक फैला सप्लाई नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के रास्ते गांजा भोपाल लाने और शहर में बेचकर मुनाफा कमाने की बात बताई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और 29 के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

