देवास शराब कांड के बाद सरकार सख्त: 5 जिलों में अवैध शराब नेटवर्क पर कार्रवाई; ड्रग्स माफिया के लिए 2029 का लक्ष्य
देवास शराब कांड के बाद CM डॉ. मोहन यादव ने 5 जिलों में अवैध शराब नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश दिए। टीआई दिलीप पुरी के परिवार को एक करोड़ और पत्नी को SI की नौकरी मिलेगी।
भोपाल। देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर हुई उच्चस्तरीय बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को संगठित अपराधों पर लगाम लगाने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पांच जिलों में फैले अवैध शराब कारोबार के नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ड्रग्स माफिया और संगठित अपराधों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान चलाने की तैयारी है। सरकार ने बलिदानी टीआई की पत्नी को SI पद पर अनुकंपा नियुक्ति और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का भी फैसला किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था की स्थिति के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई समझौता नहीं होगा। ड्रग्स माफिया और अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार पूरी ताकत से कार्रवाई करेगी। @DrMohanYadav51 @mohdept
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) November 3, 2026
2029 तक ड्रग्स माफिया के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2029 तक ड्रग्स माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के संकल्प के अनुरूप मध्य प्रदेश में भी ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके लिए पुलिस को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने और एक मजबूत व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ प्रदेश में चलाए गए अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह इस मोर्चे पर सफलता मिली है, उसी तरह नशे के कारोबार और संगठित अपराधों के खिलाफ भी निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
बलिदानी टीआई के परिवार को एक करोड़ और नौकरी
देवास में कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले थाना प्रभारी दिलीप पुरी के परिवार के लिए सरकार ने सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी को उपनिरीक्षक (SI) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिलीप पुरी ने ड्यूटी के दौरान साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव मदद की जाएगी। घटना के बाद मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल को मौके पर भेजा गया था। स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी जवान के पिता से बात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
शराब कांड का मुख्य सरगना राहुल जायसवाल गिरफ्तार
देवास शराब कांड की जांच में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, अवैध शराब कारोबार के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को पुलिस ने हिरासत में लिया है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी जब्त किया गया है।
जांच के दौरान वाहन चालक गजेंद्र उर्फ अप्पू रावत और वाहन उपलब्ध कराने वाले किरण सिंह चंदोड की भूमिका सामने आई है। इसके अलावा केरल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।
जिम्मेदार अधिकारी पर भी कार्रवाई के निर्देश
सरकार ने इस मामले में केवल आरोपियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने के संकेत दिए हैं। जिस जिले से अवैध शराब रवाना हुई थी, वहां के सहायक जिला अधिकारी अमर सिंह बघेल को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे मामले की समीक्षा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था तैयार करने को कहा है। सरकार का जोर अवैध शराब के परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के साथ जिम्मेदारी तय करने पर है।
दीपावली पर खतरनाक पटाखों से दूर रहने की अपील
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दीपावली को लेकर भी प्रदेशवासियों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि खतरनाक और विस्फोटक पटाखों के इस्तेमाल से गंभीर हादसे हो सकते हैं। इनसे आंखों की रोशनी तक जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से बच्चों को खतरनाक पटाखों से दूर रखने और त्योहार के दौरान परिवार के साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

