MP: BDS वैन और कंटेनर की टक्कर में 4 जवानों की मौत, CM ने हादसे पर जताया दुख

मध्यप्रदेश के सागर में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) के जवान सड़क हादसे की चपेट में आ गए। इस हादसे में चार जवानों की मौत हो गई जबकि 1 जवान गंभीर रूप से घायल है।

MP: BDS वैन और कंटेनर की टक्कर में 4 जवानों की मौत, CM ने हादसे पर जताया दुख

सागर: मध्यप्रदेश के सागर में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) के जवान सड़क हादसे की चपेट में आ गए। इस हादसे में चार जवानों की मौत हो गई जबकि 1 जवान गंभीर रूप से घायल है। सभी जवान ड्यूटी खत्म करके घर लौट रहे थे, इसी दौरान रास्ते में वो सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताया और पुलिसकर्मियों के निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि दी।

मुरैना से लौट रहे थे जवान

बताया जा रहा है कि यह हादसा सागर के नेशनल हाइवे 44 पर बांदरी मालथौन में हुआ। पांचों जवान मुरैना से लौट रहे थे, तभी सुबह के लगभग 4 बजे यह हादसा हो गया। जवानों का वाहन सामने आ रही एक ट्रक से टकरा गया। हालांकि, हादसे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

चार जवानों की मौत

मृतकों की पहचान प्रधुमन दीक्षित, अमन कौरव और चालक परमलाल तोमर के रूप में हुई है। तीनों मुरैना के रहने वाले हैं। वहीं, भिंड के डांग मास्टर विनोद शर्मा की भी मृत्यु हो गई है। इसके अलावा मुरैना के आरक्षक राजवीन चौहान दुर्घटना में घायल हो गए हैं, जिनका बंसल अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस के वाहन में एक डॉग भी था, जो बिल्कुल सही सलामत है।

सीएम ने जताया हादसे पर दुख

एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले में नक्सल विरोधी अभियान से ड्यूटी कर लौट रहे चार पुलिसकर्मियों के सड़क हादसे में निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि और घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

सोशल मीडिया X पर पोस्ट कर सीएम ने लिखा- 

"आज सागर जिले में सुबह नक्सल विरोधी अभियान से ड्यूटी कर लौट रहे 4 पुलिसकर्मियों का एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन होने का समाचार हृदयविदारक है। हादसे में दिवंगत पुलिसकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और घायल पुलिसकर्मी शीघ्र स्वस्थ हो।"