अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर हमला 55 सैनिकों को मारने का दावा

अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर हमला, दावा- 55 सैनिकों की मौत 19 चौकियों पर कब्जा; PAK ने भी काबुल-कंधार में एयरस्ट्राइक की, कहा- 133 लड़ाके मारे

अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर हमला 55 सैनिकों को मारने का दावा

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर 26 फरवरी की देर रात हमला कर दिया। कुनार प्रांत में तालिबान लड़ाकों के हमले में पाकिस्तानी सेना के 55 सैनिक मारे गए। जानकारी टोलो न्यूज ने तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद के हवाले से दी। अफगान सरकार का दावा है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उनके पास हैं। पाकिस्तानी सेना के एक हेडक्वॉर्टर और 19 चौकियों पर भी कब्जा कर लिया गया है। अफगानिस्तान के डिप्टी स्पोक्सपर्सन हमदुल्ला फितरत ने कहा कि कुछ पाकिस्तानी सैनिकों को जिंदा पकड़ लिया गया, जबकि कई हथियार, एक टैंक और एक हार्वेस्टर जब्त किया गया है।

वहीं, पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक जवाबी कार्रवाई करते हुए PAK सरकार ने ऑपरेशन 'गजब लिल हक' शुरू किया है। पाकिस्तान की वायुसेना ने काबुल, नंगरहार प्रांत समेत कई शहरों में एयरस्ट्राइक की। रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान के हमले अभी भी जारी हैं। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि अब तक 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से ज्यादा घायल हैं। 27 तालिबान चौकियां तबाह कर दी गई हैं और 9 पर कब्जा कर लिया गया है।

हमले में कितने लोग मरे, दोनों देशों के दावे अलग

पाकिस्तान और तालिबान सरकार दोनों पक्षों ने हमलों के बाद हुए नुकसान के अपने-अपने दावे किए हैं। अफगानिस्तान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जिनमें से कुछ शव अफगानिस्तान ले जाए गए, जबकि कई अन्य को जिंदा पकड़ लिया गया।

अफगान रक्षा मंत्रालय ने ये भी बताया कि पाकिस्तान के हमलों में हमारे 8 लोग मारे गए, जबकि 11 घायल हुए। हमने 19 पाकिस्तानी आर्मी पोस्ट और दो बेस तबाह किए। हमला शुरू होने के करीब चार घंटे बाद आधी रात को लड़ाई खत्म हो गई थी। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मुशर्रफ अली जैदी ने 133 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया है।

कई बॉर्डर इलाकों में अभी भी संघर्ष जारी

नंगरहार, नूरिस्तान, कुनार, खोस्त, पक्तिया और पक्तिका जैसे बॉर्डर इलाकों में दोनों पक्षों में संघर्ष जारी है। ये चौकियां नंगरहार के गोश्ता जिले और कुनार प्रांत में डूरंड लाइन के पास स्थित है।

 पाकिस्तान ने 22 फरवरी को अफगानिस्तान के भीतरी इलाकों में हवाई हमले किए थे। उसका कहना था कि ये हमले पाकिस्तानी तालिबान (TTP) और इस्लामिक स्टेट से जुड़े ठिकानों पर किए गए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बताया था कि यह कार्रवाई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी और जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे ऑपरेशन किए जाएंगे।

पाकिस्तानी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से मिले अफगान सैनिक

अफगान डिफेंस फोर्सेज के सैनिक पाकिस्तान पर हमले से वापसी के बाद नंगरहार प्रांत के बेहसूद जिले में उन परिवारों से मिले, जिनके सदस्य पिछले हफ्ते पाकिस्तानी हमले में मारे गए थे। हमले में परिवार के अधिकांश सदस्य जान गंवा चुके हैं और एक नाबालिग बच्चा ही जीवित बचा है। सैनिकों ने घर पहुंचकर परिजन से मुलाकात की और संवेदना जताई। उन्होंने बताया कि हमले के बाद काउंटर-ऑपरेशन चलाया गया और कार्रवाई के जरिए जवाब दिया गया।