Burhanpur News: अवैध शराब के अड्डों पर ड्रोन से नजर, 2 हजार किलो महुआ लहान जब्त

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन में बुरहानपुर प्रशासन, ड्रोन से रेकी कर 6 जगह दबिश दी; अवैध शराब के खिलाफ हाईटेक कार्रवाई, ड्रोन से की गई निगरानी

Burhanpur News: अवैध शराब के अड्डों पर ड्रोन से नजर, 2 हजार किलो महुआ लहान जब्त

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में अवैध शराब के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग ने संयुक्त अभियान शुरू किया है। सागर और देवास में जहरीली शराब से जुड़ी घटनाओं के बाद प्रशासन अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को लेकर सतर्क हो गया है। इसी के तहत शुक्रवार तड़के शिकारपुरा थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की गई।

ड्रोन से रेकी, फिर चारों तरफ से घेराबंदी

संयुक्त टीम ने ग्राम जैनाबाद, बलवाड़ टेकरी और आहूखाना में दबिश दी। कार्रवाई से पहले ड्रोन कैमरे की मदद से अवैध शराब बनाने के संदिग्ध ठिकानों, घरों और खेतों की निगरानी की गई। इसके बाद टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर अवैध शराब बनाने की सामग्री जब्त की। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण पर रोक लगाना और जहरीली शराब से होने वाली घटनाओं की आशंका को कम करना है।

115 लीटर कच्ची शराब, 2 हजार किलो महुआ लहान जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 115 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा और 2,000 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया। आबकारी विभाग ने मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 6 प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त शराब, महुआ लहान और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

इससे एक दिन पहले भी संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे संचालित शाकाहारी भोजनालयों, होटलों और ढाबों पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की थी। प्रशासन अब अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े ठिकानों पर लगातार नजर रख रहा है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार गौर ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभाग मिलकर कार्रवाई करेंगे।