उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की पहली तस्वीर

Omar Abdullah Marriage: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर नए सफर की शुरुआत की जानकारी दी।

उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से की शादी, सोशल मीडिया पर शेयर की पहली तस्वीर

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने पत्रकार निधि राजदान (Nidhi Razdan) के साथ शादी कर ली है। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने नए जीवन की शुरुआत की जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम पर निधि राजदान के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।' उन्होंने इस पोस्ट में निधि राजदान को भी टैग किया। वहीं निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर 'इट्स डन ब्रो' लिखकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों की शादी 30 अक्टूबर 2026 को हुई। इसके बाद 31 अक्टूबर को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस खबर को सार्वजनिक किया। यह शादी उमर अब्दुल्ला की पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक के करीब तीन महीने बाद हुई है।

सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में दी थी तलाक को मंजूरी

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के वैवाहिक संबंध 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद समाप्त हुए थे। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म करना चाहते हैं। इसके साथ ही दोनों ने लंबित विवादों को सुलझाने और एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने पर भी सहमति जताई थी।

अनुच्छेद 142 के तहत मांगा था तलाक

यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से तलाक देने की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था।

दोनों की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि उमर और पायल ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं। दोनों सभी विवादों को आपसी सहमति से खत्म करने और लंबित मुकदमे वापस लेने के लिए तैयार हैं।

1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी 1 सितंबर 1994 को हुई थी। दोनों की मुलाकात दिल्ली के ओबेरॉय होटल में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जमीर हैं।

दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों के बीच तलाक को लेकर कानूनी लड़ाई चली, जो जुलाई 2026 में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के साथ समाप्त हुई।