क्या आपके नंबर से कोई और चला रहा WhatsApp?: ऐसे करें अनजान यूजर को बाहर, मिनटों में वापस पाएं कंट्रोल
WhatsApp अकाउंट पर किसी और का कब्जा तो नहीं? इन आसान तरीकों से पकड़ें अनजान यूजर, ऐसे सुरक्षित रखें अपनी प्राइवेट चैट
WhatsApp आज हमारी रोज की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। निजी बातचीत से लेकर जरूरी डॉक्यूमेंट्स और परिवार-दोस्तों के कॉन्टैक्ट तक, बहुत सी जानकारियां इस ऐप से जुड़ी होती हैं। ऐसे में अगर कोई दूसरा व्यक्ति आपके WhatsApp अकाउंट का इस्तेमाल करने लगे, तो आपकी प्राइवेसी और पहचान दोनों खतरे में पड़ सकती हैं। आपके नंबर से किसी को मैसेज भेजे जा सकते हैं या आपके परिचितों से धोखाधड़ी की कोशिश हो सकती है। अगर आपको भी ऐसा शक है, तो कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर अपने अकाउंट का कंट्रोल वापस पा सकते हैं।

कैसे पता करें कि कोई और आपका WhatsApp चला रहा है?
अगर आपके WhatsApp अकाउंट पर किसी दूसरे व्यक्ति का एक्सेस है, तो कुछ संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है। जैसे आपके बिना भेजे गए मैसेज, अनजान चैट, प्रोफाइल या अकाउंट सेटिंग्स में बदलाव और WhatsApp की ओर से आने वाले अनजान Login या Verification से जुड़े नोटिफिकेशन।

अगर आपको अपने नंबर पर WhatsApp रजिस्ट्रेशन की कोशिश से जुड़ा SMS या नोटिफिकेशन मिलता है, तो सतर्क हो जाएं। हो सकता है कोई दूसरा व्यक्ति आपके नंबर से अकाउंट लॉग इन करने की कोशिश कर रहा हो। ऐसे किसी भी Verification Code को किसी के साथ शेयर न करें।
ऐसे बाहर करें अनजान यूजर को
अगर आपको लगता है कि किसी दूसरे व्यक्ति ने आपके WhatsApp अकाउंट का एक्सेस ले लिया है, तो सबसे पहले अपने फोन में WhatsApp खोलें। इसके बाद अपने फोन नंबर से दोबारा Login करने की प्रक्रिया शुरू करें।
- WhatsApp खोलकर अपना पूरा मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- SMS या फोन कॉल के जरिए मिलने वाला 6 अंकों का Verification Code डालें।
- कोड डालते ही आपका नंबर दूसरे फोन पर रजिस्टर WhatsApp अकाउंट से लॉग आउट हो जाएगा।
- इसके बाद आप अपने फोन पर WhatsApp का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- ध्यान रखें कि Verification Code किसी भी व्यक्ति को न बताएं।
- WhatsApp का कर्मचारी बताकर भी कोई आपसे यह कोड मांगे, तो उसे शेयर न करें।
Two-Step Verification PIN भूल गए तो क्या करें?
WhatsApp में अकाउंट की सुरक्षा के लिए Two-Step Verification का फीचर भी मिलता है। अगर आपने इसे चालू किया है, तो दोबारा अकाउंट रजिस्टर करते समय 6 अंकों के कोड के साथ आपका Two-Step Verification PIN भी मांगा जा सकता है।

अगर आपको यह PIN याद नहीं है, तो ईमेल के जरिए इसे Reset करने का विकल्प मिल सकता है। अगर आपने Recovery Email नहीं जोड़ा है, तो कुछ मामलों में PIN रीसेट करने के लिए 7 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि SMS से मिला सही Verification Code दर्ज करने पर दूसरे व्यक्ति का अकाउंट से एक्सेस खत्म हो जाता है।
अनजान मैसेज और अकाउंट से ऐसे बचें
अगर कोई अनजान नंबर आपको लगातार मैसेज भेज रहा है, तो उसकी चैट खोलकर Block और Report का विकल्प चुन सकते हैं। इससे उस नंबर से आने वाले मैसेज और कॉल रोकने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा WhatsApp में Settings में जाकर Privacy और फिर Advanced सेक्शन खोलें। यहां Block unknown account messages का विकल्प मिलता है। इसे चालू करने पर असामान्य संख्या में आने वाले अनजान अकाउंट के मैसेज रोकने में मदद मिलती है। हालांकि यह फीचर सभी अनजान मैसेज को ब्लॉक नहीं करता।
WhatsApp सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये तरीके
- अपना 6 अंकों का Verification Code किसी के साथ शेयर न करें।
- Two-Step Verification चालू रखें और Recovery Email जोड़ें।
- WhatsApp की Linked Devices लिस्ट समय-समय पर चेक करें।
- कोई अनजान डिवाइस दिखे तो उसे Log Out कर दें।
- अगर आपने नया SIM लिया है और नंबर बदल गया है, तो Change Number फीचर का इस्तेमाल करें।
- Google Account या iCloud पर चैट का सुरक्षित Backup रखें।
WhatsApp में End-to-End Encryption की सुविधा होती है, लेकिन अकाउंट का एक्सेस किसी दूसरे के पास पहुंचना फिर भी जोखिम पैदा कर सकता है। इसलिए समय-समय पर Privacy Settings चेक करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।
Varsha Shrivastava 
